भोपाल के बड़े तालाब में कूदा प्रेमी जोड़ा, मौत:पति के मर्डर के बाद उसके दोस्त के साथ लिव इन में रह रही थी महिला

भोपाल। भोपाल के बड़ा तालाब में प्रेमी जोड़े ने कूदकर खुदकुशी कर ली। बुधवार सुबह दोनों के शव मिले। दोनों लिव इन में रह रहे थे। महिला के पति की इसी साल 23 जनवरी को सागर में हत्या हो गई थी। इसके बाद से वह पति के दोस्त के साथ रह रही थी।
श्यामला हिल्स थाने के एएसआई जगदीश परमार ने बताया कि बुधवार सुबह 8.30 बजे बोट क्लब स्थित पंप हाउस के पास बड़े तालाब में शव मिलने की सूचना मिली थी। दोनों शवों को निकलवाकर पीएम हाउस भिजवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों मोपेड से यहां आए थे। पहले महिला ने तालाब में छलांग लगाई, फिर पुरुष कूदा।
मोपेड के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर महिला की पहचान प्रिया साहू (32) पत्नी स्वर्गीय दशरथ साहू के रूप में हुई है। युवक की शिनाख्त दुर्गेश सोनी (32) के रूप में हुई है। फिलहाल दोनों बागसेवनिया के विश्वकर्मा नगर में रह रहे थे।
श्यामला हिल्स थाने के टीआई आरवी सिंह विमल ने बताया कि प्रिया भोपाल में सिलाई का काम करती थी। उसका 13 साल का बेटा है। उसके पति दशरथ साहू की 23 जनवरी को सागर में हत्या हो गई थी। दुर्गेश उसके पति का दोस्त था। दोनों में पहले से जान-पहचान थी।
सागर में हुई थी महिला के पति की हत्या
दुर्गेश सोनी मूल रूप से सतना का रहने वाला था। सागर में ज्वेलरी शॉप पर काम करता था। जनवरी में बहेरिया थाने में केस दर्ज कराया था। पुलिस को बताया था- 23 जनवरी की शाम भोपाल से दोस्त दशरथ साहू और उसकी पत्नी प्रिया साहू सागर आए थे। हम लोग कार से बहेरिया के बड़े शंकरजी मंदिर में गए थे। यहां दर्शन के बाद रात में बहेरिया चौराहे पर जलसा होटल में खाना खाया। होटल से थोड़ा आगे बहेरिया पंचायत भवन के पास कार खड़ी कर हम बात कर रहे थे।
रात करीब 12.30 बजे दो लड़के आए और गाली-गलौज करने लगे। मैंने और दशरथ ने कार से बाहर आकर उन्हें रोका। इसी दौरान दो साथी और आ गए। चारों ने मेरे और दशरथ के साथ मारपीट शुरू कर दी। प्रिया के चेहरे पर भी चोट आई।
पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दशरथ को भोपाल रेफर किया गया। भोपाल में दशरथ साहू की मौत हो गई। मामला फिलहाल कोर्ट में है। सभी आरोपी जेल में हैं।
Bodies of man and woman found in Bhopal’s Bada Talab