Sunday, July 27, 2025
MP

दबंगों ने रोकी दलित दूल्हे की बारात, BSF जवान को घर में घुसकर पीटा; पत्थर फेंके

मंदसौर। मंदसौर में दलित दूल्हे की बारात को दबंगों ने रोक दिया। दूल्हे के घर में घुसकर परिजनों से मारपीट की। दूल्हा बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) में कॉन्स्टेबल है। बुधवार रात उसकी शादी होनी थी। कुछ बदमाशों ने बारातियों पर पथराव किया। मौके पर पहुंची पुलिस पर भी पत्थर फेंके। पुलिस की गाड़ी के कांच टूट गए। घटना में दलित वर्ग के 6 लोगों को चोट आई है। घटना के बाद गुरुवार सुबह पुलिस अभिरक्षा में बारात निकाली गई। पुलिस ने 29 लोगों पर केस दर्ज किया है।

गरोठ थाना प्रभारी कमलेश सिंगार ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे सूचना मिली कि गांव पिपलिया राजा में अर्जुन पिता विनोद मेघवाल की बारात निकल रही थी। इस दौरान गांव के ही भगवानलाल मीणा के लड़के जीवन की बनोली भी निकलनी थी। इसी दौरान, मीणा समाज के लोगों ने रास्ते में पत्थर और कांटे बिछा दिए, जिससे बारात आगे नहीं बढ़ सके।  सूचना पर पुलिस पहुंची। यहां देखा तो मीणा समाज के लोग पत्थरबाजी कर रहे थे। पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ा। इस दौरान कुछ पत्थरबाजों को गिरफ्तार किया। गुरुवार को दूल्हे के पिता विनोद की शिकायत पर पुलिस ने 29 लोगों पर एसटी-एससी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।

दूसरे दिन निकाली दलित दूल्हे की बनोली

अर्जुन बीएसएफ में मेघालय में तैनात है। अर्जुन अपनी शादी के लिए छुट्टी पर गांव आया है। रात में विवाद के बाद गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे गरोठ पुलिस की अभिरक्षा में अर्जुन दुल्हन लेने निकला। इस दौरान एएसपी महेंद्र ताडनेकर, तहसीलदार, थाना प्रभारी कमलेश सिंगर, शामगढ़, सुवासरा, गरोठ, भानपुरा का पुलिस बल भी घटनास्थल पर मौजूद रहा।

पथराव में 6 लोग घायल 

दूल्हे के परिजनों ने मीणा समाज के लोगों पर पत्थर फेंकने का आरोप लगाया। पथराव में 6 लोग घायल हुए, जिनमें घनश्याम पिता सीताराम मेघवाल निवासी पनवाड़ी, तूफान सिंह पिता कारूलाल निवासी गोपालपुरा टैंक, गणपतलाल पिता बगदीराम मेघवाल निवासी कुर्लासी, राहुल पिता कन्हैयालाल मेघवाल निवासी उमरिया बालोदा और रामचंद्र मेघवाल निवासी रामनगर शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *