Sunday, July 27, 2025
MP

BJP प्रदेश प्रभारी बोले- राहुल-प्रियंका साइबेरियन पक्षी, चुनाव के समय दिखते हैं; मुरलीधर राव बोले- कांग्रेस 7 लोगों तक सीमित

टीकमगढ़। भाजपा के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा साइबेरियन पक्षी हैं। देश-विदेश घूमने-फिरने के बाद दोनों चुनाव आते ही शंखनाद करने चले आते हैं। कांग्रेस पार्टी केवल 7 लोगों में सिमट गई है। राष्ट्रीय स्तर पर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी तक पार्टी सीमित है। मध्यप्रदेश में कमलनाथ, नकुलनाथ और दिग्विजय सिंह, जयवर्धन सिंह तक पार्टी सीमित है।

मुरलीधर राव मंगलवार को टीकमगढ़ में थे। उन्होंने यहां केंद्र सरकार के ‘9 साल बेमिसाल’ अभियान के तहत उपलब्धियां गिनाईं। BJP राष्ट्रीय प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रिया सेठी भी मौजूद थीं।

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की सबसे कम सीटें रहेंगी

मुरलीधर राव ने कहा कि लिखकर ले लो कि इस बार लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की सबसे कम सीटें रहेंगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा प्रदेश के जिलों में कितनी बार गए, इसका आप ब्योरा निकालें। कमलनाथ कितनी बार जिलों में गए हैं, इसका भी ब्योरा निकालें। सब साफ हो जाएगा।

मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण के सवाल पर मुरलीधर राव ने कहा कि पार्टी को वर्तमान विधायकों से कोई गुरेज नहीं है। भाजपा में हमेशा पार्टी कार्यकर्ताओं की भावना को ध्यान में रखकर टिकट बांटे जाते हैं। इस बार भी कार्यकर्ताओं की पसंद पर ही टिकट वितरण होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *