BJP सांसद ने कांग्रेस को बताया हमास, मनोज तिवारी ने कहा- सनातन धर्म को नष्ट करने की साजिश कर रहे
सतना। भाजपा सांसद और प्रसिद्ध भोजपुरी एक्टर-सिंगर मनोज तिवारी ने कांग्रेस को हमास बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आतंकवादियों की समर्थक है। मनोज तिवारी ने कहा – मध्यप्रदेश में हम जहां लाड़ली बहनों का ख्याल रखते हैं, वहीं कांग्रेस को सिर्फ एक लाड़ले का ख्याल होता है।
मनोज तिवारी सोमवार को सतना में बीजेपी प्रत्याशी गणेश सिंह की नामांकन रैली में शामिल होने आए थे।
बीजेपी सांसद ने कांग्रेस पर कहा- ‘कांग्रेस पार्टी आतंकवादियों को सपोर्ट करती है। इनके हमास बहुत जगह जड़ें जमा रहे हैं। कांग्रेस मतलब हमास, आतंकियों का पैरोकार, कांग्रेस मतलब सनातन धर्म को नष्ट करने की साजिश, लेकिन मध्यप्रदेश की जनता हमास की सरकार नहीं बनने देगी। मध्यप्रदेश को कांग्रेस ने किस तरह रुलाया था, यह कोई नहीं भूला।’
राम को बताया था काल्पनिक
तिवारी ने कहा कि बीजेपी जो जनता चाहती है, वो करती है। चाहे इंफ्रास्ट्रक्चर हो, सड़कें हो या फिर राम मंदिर, महाकाल लोक, भारतीय संस्कृति की रक्षा और सत्य सनातन धर्म को आसमान पर ऊंचा उठाने की बात हो, भाजपा सब में आगे रहती है। राम मंदिर बन कर तैयार हो रहा है, अब मथुरा-काशी की भी बारी है। चार राज्यों के चुनाव में जीत का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस को राम को अपना बनाने से किसी ने रोका नहीं था। लेकिन उन्होंने तो राम को काल्पनिक बता दिया था। उन्हीं राम ने कांग्रेस को उसका स्थान दिखा दिया है।
गीत गाए, जनता से मांगा आशीर्वाद
भोजपुरी गायक मनोज तिवारी ने नामांकन रैली के मोबाइल मंच से गीत भी गाए। उन्होंने छठ माता का गीत गाया। भोजपुरी में लोगों से बात करते हुए उन्होंने देरी से आने के लिए खेद जताया। कहा- ‘मनोजवा आ गयल हओ, आप लोग आशीर्वाद देईं। उन्होंने सांसद गणेश सिंह के सिर पर हाथ भी रखा।