Sunday, June 8, 2025
MPPolitics

BJP जिलाध्यक्ष ने सीनियर नेता पर लगाया छवि खराब करने का आरोप, कहा- पूर्व मंत्री मुझे गोली मार दें

छिंदवाड़ा।। छिंदवाड़ा में विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार के बाद अब गुटबाजी सामने आ रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक बंटी साहू ने पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह पर छवि खराब करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा- पूर्व मंत्री मुझे गोली मार दें, लेकिन राजनीति करने से नहीं रोक सकते। इसकी शिकायत कोतवाली में भी की गई है।

वहीं, पूर्व मंत्री का कहना है कि ‘सोशल मीडिया पर चल रही पोस्ट से मेरा लेना-देना नहीं है।’

विवेक बंटी साहू विधानसभा चुनाव में छिंदवाड़ा में कमलनाथ के खिलाफ भाजपा के टिकट पर मैदान में थे। वह चुनाव हार गए थे। वह भाजपा के जिलाध्यक्ष भी हैं। विवेक बंटी साहू को लेकर दो दिन पहले सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली गई। इसमें चरित्र हनन का आरोप लगाया गया था। इसे लेकर विवेक बंटी साहू, उनकी पत्नी शालिनी साहू और समर्थक शुक्रवार रात कोतवाली पहुंचे।

पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह पर आरोप लगाया है। कहा- सोशल मीडिया के जरिए भ्रामक जानकारी फैलाकर छवि को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। ये सब पूर्व कैबिनेट मंत्री के इशारे पर किया जा रहा है।

विवेक बंटी साहू ने कहा, ‘मेरा चरित्र हनन करने से कुछ नहीं होगा आप मुझे गोली मार दो। क्योंकि आप मुझे राजनीति करने से नहीं रोक सकते’। इस दौरान थाने में विवेक बंटी साहू की पत्नी शालिनी साहू भी मौजूद रहीं। उन्होंने भी मामले की निष्पक्ष जांच की बात कही है।

पूर्व मंत्री बोले- कांग्रेस से मेरा नहीं, बंटी का गठजोड़

पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह का कहना है कि ‘किसी का चरित्र हनन करना गलत है। इस मामले में उनका नाम जोड़ना शर्मनाक है। सोशल मीडिया पर चल रही पोस्ट से मेरा लेना-देना नहीं है। मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई जाए। 2013 से 2018 तक विवेक बंटी साहू ने लगातार कांग्रेस का काम किया था। इसकी शिकायत भी आला कमान से की गई थी।

पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। वह दो बार प्रदेश सरकार में कैबेनेट मंत्री रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *