इंदौर में भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया थाने पर हंगामा, पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े
इंदौर। इंदौर में भंवरकुआ थाने पर भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने राऊ विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी जीतू पटवारी के समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाया। साथ ही, थाने का घेराव कर दिया। जानकारी लगते ही कांग्रेस कार्यकर्ता भी पहुंच गए। इसके बाद दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे। हंगामा बढ़ते देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। पुलिस को आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पड़े।
भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि गुरुवार रात जीतू पटवारी के समर्थकों ने पार्षद पति पुष्पेंद्र सिंह चौहान से मारपीट की है। इसमें जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी भी शामिल है। चार लोगों को चाकू भी लगे हैं। भाजपा कार्यकर्ता FIR के लिए अड़ गए।

वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि भाजपा का आरोप झूठा है। कांग्रेसियों के मुताबिक भाजपा के कार्यकर्ता जीत नगर में शराब बंटवा रहे थे। इसका विरोध किया, तो उन्होंने अभद्रता कर मारपीट की। काउंटर एफआईआर के लिए कांग्रेसी अड़ गए। इसी के चलते तनाव बढ़ने पर पुलिस ने लाठियां चलाकर खदेड़ा।