छिंदवाड़ा की चौरई सीट तय होने के बाद बड़ा उलटफेर! असंतुष्ट बिगाड़ सकते हैं गणित
राजेश दीक्षित/ छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के टिकट वितरण के बाद राजनीति गरमा गई है। जिन लोगों को टिकट नहीं मिला, वे असंतुष्ट हैं। ऐसे में किसी ने दूसरी पार्टी का दामन थाम लिया, तो कोई खुलकर तो नहीं, लेकिन अंदरूनी तौर पर समीकरण बिगाड़ सकता है।
यही हाल छिंदवाड़ा में है। यहां भाजपा ने अभी तक चौरई सीट पर प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। वहीं, कांग्रेस ने भी पहली सूची में 6 सीटें रोक दी हैं। भाजपा चौरई सीट पर मंथन कर रही है।
विशेषज्ञों की मानें तो कि भाजपा यहां किसी बड़े शख्स को उतार सकती है या फिर वह कांग्रेस के प्रत्याशी घोषित करने का इंतजार कर रही है। चौरई सीट निर्धारित होते ही कांग्रेस अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर देगी। सूत्र बताते है कि भाजपा-कांग्रेस खेमे में बड़ा उलटफेर हो सकता है।
वैसे, भाजपा की बात करें, तो चौरई से भाजपा में तीन नाम सामने आ रहे हैं। इनमें सबसे बड़ा नाम पंडित रमेश दुबे का है। वहीं, लखन वर्मा व चौधरी चंद्रभान सिंह भी प्रत्याशियों की दौड़ में हैं। खबर ये भी है कि चौरई सीट के निर्धारण के बाद भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेता कांग्रेस में आने का विचार बना रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि कांग्रेस ने भाजपा द्वारा चौरई की सीट घोषित नहीं करने की वजह से अपनी छह विधानसभा को होल्ड किया गया है। माना जा रहा है कि अगर भाजपा इस सीट को घोषित करती है, उसके बाद कांग्रेस उन उम्मीदवार, जिन्हें सीट नहीं मिली है, उन्हें साधने का प्रयास करेगी। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस, भाजपा के उन उम्मीदवार को कांग्रेस से भी मौका दे सकती है।
टिकट का होता रहा इंतजार
पार्टी के कार्यकर्ताओं का मानना था कि सोमवार को चौरई सीट फाइनल हो जाएगी। इसके बाद दोपहर तक भाजपा की टिकट का इंतजार होता रहा, लेकिन लिस्ट जारी नहीं हुई। कांग्रेस के समर्थकों को भी उम्मीद थी कि कुछ नाम जारी कर दिए जाएंगे, लेकिन दोनों ही पार्टियों ने दोपहर तक लिस्ट जारी नहीं की। इसके बाद समर्थकों में सीट को लेकर कई तरह की बातें चलती रहीं।