ब्यूटी पार्लर संचालिका ने प्रेमी की पत्नी पर किया एसिड अटैक, बोली- 5 साल लिव इन में रखकर रेप किया
ग्वालियर। ब्यूटी पार्लर संचालिका ने प्रेमी की पत्नी पर एसिड फेंक दिया। इसमें वह बुरी तरह झुलस गई। बचाने के प्रयास में प्रेमी भी झुलस गया। महिला का आरोप है कि महिला का पति उसका प्रेमी है। प्रेमी ने उसे 5 साल तक लिव में रखा। उसके साथ कई बार रेप भी किया। घटना ग्वालियर की है। पुलिस ने मामले में एसिड अटैक और दुष्कर्म का क्रॉस मामला दर्ज किया है।
प्रेमी से मिलने गई थी, पत्नी से विवाद
जनकगंज रामद्वारा प्रसूति गृह के पास श्वेता बंसल (32) पत्नी अमित बंसल गुरुवार शाम करीब 4 बजे के घर पर थी। इसी दौरान संजय नगर की रहने वाली 25 साल की युवती आ गई। युवती प्रेमी के घर के पास ब्यूटी पार्लर चलाती है। यहां अमित बंसल और श्वेता बंसल का आना-जाना था। युवती की अमित बंसल से दोस्ती थी। पांच साल से दोनों साथ थे। युवती का आरोप है कि दोस्ती और शादी की आड़ में अमित लगातार उसका शोषण कर रहा था।
गुरुवार को भी वह उसी से मिलने पहुंची थी। जब उसने अमित को बुलाया, तो अमित की पत्नी श्वेता बंसल आ गई। दोनों के बीच विवाद हुआ। युवती ने गुस्से में आकर उसकी श्वेता पर एसिड फेंक दिया। यह देख अमित ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी झुलस गया। असल में युवती अमित पर एसिड फेंकने के लिए लाई थी, लेकिन उसने पत्नी पर फेंक दिया।
पड़ोसियों की मदद से पत्नी को लेकर बहोड़ापुर स्थित निजी अस्पताल पहुंचा। श्वेता बंसल चेहरे से नीचे ज्यादा झुलसी है। अस्पताल से जनकगंज पुलिस को सूचना मिली, उससे पहले ही युवती दुष्कर्म पीड़िता बनकर थाने पहुंच गई।
युवती का आरोप- फ्लैट में रखा, संबंध बनाता रहा
ब्यूटी पार्लर संचालिका ने आरोप लगाया कि अमित बंसल से उसकी पहचान 5 साल पहले हुई थी। दोनों की दोस्ती गहरी हो गई। अमित ने शादी का झांसा देकर कई बार उसके साथ संबंध बनाए। इसके बाद वह ब्लैकमेल कर संबंध बनाता रहा।
पार्लर के पास फ्लैट लेकर पांच साल से रखा था। कुछ दिन पहले उसने धोखाधड़ी कर फ्लैट खाली करा लिया था। इसी बात पर युवती उससे शादी की बात करने गई थी। एसिड अटैक करने के आरोप को युवती ने कहा कि अपने अपराध को छुपाने के लिए उन्होंने खुद पर एसिड उड़ेला है। पुलिस ने युवती की शिकायत पर अमित के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है।
अमित बोला – ब्लैकमेल कर 20 लाख रुपए मांग रही थी
अमित बंसल का कहना है कि युवती उसे पिछले दो साल से परेशान कर रही है। झूठे आरोपों में फंसाने की धमकी देकर 20 लाख रुपए मांग रही थी। हमने पुलिस में जाने की बात कही, तो पत्नी पर एसिड अटैक किया। पत्नी को बचाते समय मैं भी झुलस गया हूं।
टीआई जनकगंज थाना आलोक सिंह परिहार ने बताया कि दोनों मामले एक दूसरे से जुड़े हैं। दोनों में ही एफआईआर दर्ज की है।