बड़वानी में एमपी-गुजरात को जोड़ने वाला नेशनल हाइवे धंसा, सड़क पर 6 फीट गहरा गड्ढा

बड़वानी। बड़वानी में मध्य प्रदेश और गुजरात को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे पर सड़क अचानक धंस गई। इससे करीब 6 फीट गहरा गड्ढा हो गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। हालांकि, ट्रैफिक करीब एक घंटे तक प्रभावित रहा।
यह सड़क खंडवा-वडोदरा नेशनल हाईवे 347 बी का हिस्सा है, जो मध्य प्रदेश को गुजरात से जोड़ता है। इससे दिनभर में करीब 10 हजार गाड़ियां गुजरती हैं।
पुलिस और नगर पालिका के अफसर मौके पर पहुंचे। पुल के एप्रोच रोड पर आधे हिस्से से वाहनों को बारी–बारी से निकाला। इसके बाद गड्ढे में मुरम डाली।
घटना रविवार सुबह बड़वानी मुख्यालय से करीब पांच किलोमीटर दूर छोटी कसरावद गांव में नर्मदा नदी पर बने करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे पुल से पहले हुई।
Barwani mp gujarat national highway road collapses 6 feet pit
अफसरों के मुताबिक सड़क के नीचे से गुजर रही पानी की पाइपलाइन ज्यादा प्रेशर से फूट गई, जिसके चलते मिट्टी बैठ गई और सड़क धंस गई।

रात में बड़ा हादसा होने की आशंका थी
इससे पहले, राहगीरों ने एहतियात के तौर पर गड्ढे के आसपास बैरिकेड्स और पत्थर रख दिए थे, ताकि किसी वाहन चालक या व्यक्ति को नुकसान न हो। नेशनल हाईवे से गुजर रहे राहगीर ने बताया कि जहां गड्ढा हुआ, वहीं पाइपलाइन फूटी हुई थी, जिससे तेज गति से पानी निकल रहा था।
वहीं, अन्य यात्री ने बताया कि – यह रोड दिनभर व्यस्त रहता है। दिन में तो वाहन चालक सावधानी से निकल सकते हैं, लेकिन रात में यहां अंधेरा रहता है। पुल पर भी स्ट्रीट लाइट्स नहीं जलती हैं।
Barwani mp gujarat national highway road collapses 6 feet pit
तीन घंटे में मरम्मत पूरी
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के इंजीनियर विनोद कुमार सेन ने कहा- पाइपलाइन फूटने के कारण पानी के प्रेशर से सड़क का एक हिस्सा डैमेज हो गया।
उन्होंने बताया कि करीब 3 घंटे में रोड की मरम्मत कर दी गई। फिलहाल, सेफ्टी के साथ ट्रैफिक शुरू करा दिया है।
