कांग्रेस दफ्तर में बजरंगियों ने की तोड़फोड़, पत्थरबाजी, कर्नाटक में बजरंग दल को बैन करने की बात पर भड़के
जबलपुर। कर्नाटक में कांग्रेस के घोषणापत्र में बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाए जाने की बात पर मध्यप्रदेश में बवाल हो गया। जबलपुर में गुरुवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ की। कार्यालय पर पत्थर फेंके। कार्यालय के बाहर लगे कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी का पोस्टर भी फाड़ दिया गया। मामले में पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीसीसी चीफ कमलनाथ और नेता प्रतिपक्ष ने भी भाजपा सरकार आतंक फैलाने का आरोप लगाया है।
गुरुवार दोपहर बजरंग दल के करीब एक सैकड़ा कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कमेटी दफ्तर के बाहर इकट्ठे हुए। यहां कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करने लगे। कार्यालय के बाहर ताला लगा हुआ था। सभी के हाथ में लाठी और डंडे थे। बजरंग दल कार्यकर्ता ताला तोड़कर अंदर घुस गए। कार्यकर्ताओं ने गेट पर जमकर लातें मारीं। वहां पड़े संगमरमर के पत्थर तोड़ दिए। कार्यकर्ताओं ने पत्थर भी फेंके।
इस बीच, कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीढ़ियों पर चढ़कर टीनशेड को उखाड़ना शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची कार्यकर्ताओं को बाहर निकाला।
बजरंग दल के पदाधिकारी सुमित ठाकुर ने उल्टा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर ही आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस दफ्तर में तोड़फोड़ और हंगामा कांग्रेस के ही कार्यकर्ताओं ने किया है। बजरंग दल कार्यकर्ता जब वहां प्रदर्शन करने पहुंचे, तभी भगवा वेशभूषा में कांग्रेस कार्यकर्ता वहां पहुंच गए। साथ ही, दफ्तर में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि बजरंग दल कभी भी इस तरीके की हरकतें नहीं करता।
वीडियो से कर रहे आरोपियों की पहचान
एसपी तुषारकांत विद्यार्थी ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए प्रदर्शन के वीडियो फुटेज देखकर की जा रही है। पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बजरंग दल के प्रचारक सुमित सिंह ठाकुर को हिरासत में लिया है।
कांग्रेस बोली- जवाब देंगे
मप्र कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महामंत्री सौरभ शर्मा ने कहा कि इस हरकत का जवाब दिया जाएगा। जनता को बताया जाएगा कि कैसे यह लोग धर्म के नाम पर हंगामा करते हैं। कोतवाली थाना पुलिस में घटना की एफआईआर कराई जा रही है। पुलिस को घटना के वीडियो फुटेज भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि बजरंग दल कार्यकर्ता बिना सूचना के कांग्रेस दफ्तर में घुसे। यह गलत है। पार्टी इस हरकत की निंदा करती है।
नेता प्रतिपक्ष बोले- आतंक फैलाने वालों को संरक्षण दे रहे CM
डॉ. गोविंद सिंह ने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आतंक फैलाने वालों को संरक्षण दे रहे हैं। बजरंग दल के कार्यकर्ता जिस पार्टी की सत्ता है, उसी दल के कार्यकर्ता तोड़फोड़ करें, आतंक करें और उसके खिलाफ कार्रवाई न हो। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग राइफल लेकर हमला कर रहे हैं। मुख्यमंत्री कार्रवाई करने के लिए तैयार नहीं, बल्कि उनको संरक्षण दे रहे हैं। वह प्रजातंत्र का गला घोंट कर लाठी के बल पर चुनाव लड़ना चाहते हैं। जनता इनको अगले चुनाव में आतंक के खिलाफ करारा जवाब देगी।