पूर्व मंत्री अरुण यादव के बिगड़े बोल, कहा- मोदी के पिताजी भी आना चाहें तो आ जाएं; शिवराज का पलटवार-यही कांग्रेसी कल्चर
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर बिगड़े बोल बोले हैं। भोपाल में 27 जून को पीएम मोदी के दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि मोदी जी के पिताजी भी आना चाहें, तो आ सकते हैं, हमें कोई आपत्ति नहीं है।
प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि ये ओछी सोच है, शर्मनाक टिप्पणी के लिए अरुण यादव समेत कमलनाथ और राहुल गांधी को माफी मांगना चाहिए।
27 जून को पीएम मोदी का भोपाल के संभावित दौरे पर रहेंगे। अरुण यादव बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। मीडिया ने इस संबंध में अरुण यादव से सवाल पूछा। उन्होंने कहा – मोदी जी आ जाएं, और उनके ऊपर कोई हों, वो भी आ जाएं। नड्डा जी आ ही रहे हैं, चल ही रहा है। मोदी जी के पिताजी भी आना चाहे तो आ सकते हैं, हमें कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन मध्यप्रदेश में कांग्रेस की, बदलाव की बयार है। जो स्पष्ट हमें नजर आती हैं।
एमपी में गदा भी चलेगी, महाकाल का आशीर्वाद भी मिलेगा
अरुण यादव ने कहा कि ‘भाजपा धर्म की ठेकेदार है क्या? हम सब किसी न किसी भगवान की पूजा करते हैं। धर्म की ठेकेदारी खत्म करनी है। कर्नाटक में डिवाइड और रूल की बहुत कोशिश की, मगर वो कामयाब नहीं हो पाए। कर्नाटक में हनुमान जी की गदा चली थी। एमपी में हनुमान जी की गदा भी चलेगी। महाकाल का आशीर्वाद भी कांग्रेस को मिलेगा।’
यही ‘कांग्रेसी कल्चर’, इनकी मोहब्बत की दुका: CM शिवराज
अरुण यादव के बयान पर सीएम शिवराज सिंह ने पलटवार किया। उन्होंने ट्वीट किया कि अरुण यादव ने राजनीतिक मर्यादाएं तार-तार की हैं। उनकी टिप्पणी स्तरहीन मानसिकता का प्रतीक है। यही ‘कांग्रेसी कल्चर’, इनकी मोहब्बत की दुकान है।
गांधी परिवार के इशारों पर ऐसी टिप्पणियां: वीडी शर्मा
प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की वैश्विक लोकप्रियता से बौखलाए कांग्रेसी आए दिन सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए भाषाई मर्यादा को तोड़ रहे हैं। वीडी शर्मा ने ट्वीट में लिखा कि प्रधानमंत्री और उनके परिवार के खिलाफ लगातार अमर्यादित टिप्पणी करना उनकी ओछी सोच का प्रमाण है। इस बार अरुण यादव ने अपनी भाषाई मर्यादा का उल्लंघन कर प्रधानमंत्री के दिवंगत पिताजी के बारे में टिप्पणी की है। कांग्रेस नेताओं की ऐसी टिप्पणियां गांधी परिवार के इशारों पर हो रही है, इसीलिए गांधी परिवार मौन है।
कांग्रेस में नहीं बचे संस्कार
बीजेपी के प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल ने अरुण के बयान का वीडियो ट्वीट किया। लिखा- कांग्रेस की कुंठित और विकृत मानसिकता फिर उजागर। कभी नरेन्द्र मोदी की श्रद्धेय मां के बारे में अपमानजनक टिप्पणियां। कभी स्वर्गीय पिता के बारे में। चुनाव में तो कांग्रेस पराजित होगी ही, लेकिन संस्कार भी कांग्रेस में बचे नहीं, यह बार-बार सिद्ध हो जाता है।
अरुण यादव को ज्ञान न दें भाजपा: केके मिश्रा
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने भी भाजपा के बयानों का जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि BJP के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरुण यादव को अनापेक्षित ज्ञान न दें। हम भाषाई मर्यादा के पक्षधर हैं, किन्तु स्वर्गीय जवाहर लाल नेहरु, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी (ये भी PM हैं) को मरणोपरांत अभद्र भाषाओं से अलंकृत करने वाले भी तो आपके ही कुनबे के हैं?
बीजेपी में अकेले सिंधिया बचेंगे
पीसीसी में अरुण यादव ने कहा- बैजनाथ यादव, विनय यादव, मीरा सिंह, रामवीर यादव सहित हजारों कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हुए। भाजपा में भगदड़ मची है। लगातार प्रदेश स्तर, जिला स्तर व ब्लॉक स्तर पर नेता कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। बीजेपी में अब अकेले सिंधिया रहेंगे। सिंधिया समर्थक कांग्रेस में आएंगे। विधायक, पूर्व विधायक, कार्यकर्ता, जो घुटन महसूस कर रहे हैं। समय आने पर वह कांग्रेस में लौटेंगे।