सतपुड़ा में बेबी बियर की मस्ती, मां की पीठ पर बैठे दिखा, फिर छलांग लगाकर पेड़ पर चढ़ गया

नर्मदापुरम। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (STR) से बेबी बियर अपनी मां के साथ मस्ती करते नजर आया है। मादा भालू अपने बच्चे को पीठ पर जंगल सफारी कराती है। इसी दौरान बेबी बियर भी मस्ती करते हुए पीठ से छलांग लगाकर पेड़ पर चढ़ जाता है, फिर वापस पीठ पर बैठ जाता है।
मढ़ई रेंज के इस रोचक नजारे को जंगल सफारी के दौरान टूरिस्ट अंकिता यादव ने रिकॉर्ड किया। वीडियो को STR मैनेजमेंट ने शेयर किया है। आमतौर पर भालू रात में ही निकलते हैं।

बाघ तक से लड़ सकते हैं भालू
STR मैनेजमेंट ने लिखा, भालू आम और विशिष्ट जानवर है। फल, शहद और दीमक उसके आहार का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। मौका मिलने पर बाघ और अन्य जानवरों को भी मार डालते हैं। भालुओं में सूंघने की क्षमता बहुत अधिक होती है। भूमिगत दीमकों को खाने के लिए 3 फीट तक जमीन खोद सकते हैं। कभी-कभी अपनी रक्षा के लिए काफी क्रूर हो जाते हैं। बाघों से लड़ने या उन्हें भगाने के लिए मजबूत होते हैं।