Thursday, January 29, 2026
Utility

असम के छात्र के चेहरे पर मारे लात–घूंसे, नाम फ्रैक्चर, कहा– परीक्षा भी नहीं दे पाएगा; आदिवासी यूनिवर्सिटी के पांच स्टूडेंट बर्खास्त

Assam student kicked and punched in the face In Anuppur
छात्र IGNTU में पढ़ता है।

अनूपपुर। अनूपपुर के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजाति विश्वविद्यालय (IGNTU) के हॉस्टल में घुसकर कुछ लोगों ने असम के छात्र के साथ मारपीट की। आरोपियों ने उसके चेहरे पर घूंसे और लात मारी। छात्र को डर है कि कहीं उसकी हत्या ना हो जाए। छात्र के आंख, कान और नाक में चोट आई है।

घटना 13 जनवरी की है। मामला सामने आने के बाद दूसरे दिन छात्राें ने प्रशासनिक भवन का घेराव भी किया था। इसके बाद बुधवार देर रात प्रबंधन ने पांच छात्रों को निष्कासित कर दिया। गुरुवार को छात्र ने अमरकंटक थाने में भी शिकायत की है।

Assam student kicked and punched in the face In Anuppur

छात्र बोला– मुझे अकेला समझकर पीटा

पीड़ित छात्र ने बताया कि ‘मेरा नाम फिरोज ज्याेतिदास है। IGNTU में इकनॉमिक्स में मास्टर्स कर रहा हूं। यहां जीजीबीएच हॉस्टल में रहता हूं। 13 जनवरी की अलसुबह करीब 4 बजे पांच से छह लड़के रूम में आ गए। मैं उन्हें नहीं जानता। उन्होंने मेरा नाम पूछा। मैंने नाम बताया। फिर पूछा कि कहां से हो। मैंने असम का बताया। पढ़ाई के बारे में भी पूछा। उन्होंने कहा कि यहीं आए हो, यहीं मर जाओगे। मैंने कहा कि मैं यहां तो नहीं मरूंगा। इसके बाद दो लड़कों ने मेरे हाथ पकड़े। बाकी दो लोग मेरे चेहरे पर घूंसे मारने लगे। लात-थप्पड़ भी मारे।

16 जनवरी से एग्जाम भी हैं। उन्होंने मुझे अकेला समझकर पीटा। मैं अभी डरा हुआ हूं। मुझे कौन यहां प्रोटेक्ट करेगा। अगर वे लोग मुझे वापस आकर पीटें, फिर मेरी हत्या कर दें। मैं घर का इकलौता हूं। मुझे डर है कि जैसे, त्रिपुरा के लड़के की हत्या कर दी गई, उसी तरह मेरी हत्या कर दी जाएगी। मैं अनुरोध करता हूं कि मेरी सुरक्षा इन्श्योर की जाए, जिससे मैं अच्छे से पढ़ सकूं।’

Assam student kicked and punched in the face In Anuppur
बुधवार को छात्रों ने प्रदर्शन किया था।

एग्जाम भी नहीं दे सकेगा

इकोनॉमिक्स विभाग की डीन नीति जैन का कहना है कि छात्र के नाक की हड्डी में फ्रैक्चर होने के कारण आंख भी चोटिल है। वह मानसिक रूप से भी घबराया हुआ महसूस कर रहा है। 16 जनवरी को होने वाली एग्जाम में वह शामिल होने की कंडीशन में नहीं है, इसलिए परीक्षा नहीं देगा। इसके लिए डिसिप्लिन कमेटी को पत्राचार कर विशेष तिथि में परीक्षा लेने की अपील की गई है। कमेटी ने इसके लिए हामी भी भरी है।

सीसीटीवी जांच में पांच छात्र दोषी पाए

विश्वविद्यालय प्रबंधन ने मुख्य हॉस्टल अधीक्षक की अनुशंसा के आधार पर सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इसमें आरोपी छात्रों की पहचान अनुराग पांडे, जतिन सिंह, रजनीश तिवारी, विशाल यादव और उत्कर्ष सिंह के रूप में हुई। इन पांचों छात्रों को विश्वविद्यालय से निष्कासित कर दिया गया है।

मामले की जांच और अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए प्रकरण अनुशासन समिति को भी सौंपा गया है। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी रजनीश त्रिपाठी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

Assam student kicked and punched in the face In Anuppur

सांसद, विधायक ने बताया निंदनीय

सांसद हिमाद्री सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि ” घटना न केवल छात्र सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है, बल्कि विश्वविद्यालय की गरिमा और शैक्षणिक वातावरण को भी नुकसान पहुंचाती है। दोषियों के साथ-साथ लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।”

सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने भी घटना की निंदा करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। मानवर विधायक हीरालाल अलावा ने भी x पर विश्वविद्यालय प्रशासन पर सवालिया निशान लगा दिया है।

Assam student kicked and punched in the face In Anuppur

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *