असामाजिक तत्वों ने तोड़ी कॉलोनी की दीवार, लोग बोले- ये लोग हंगामा करते हैं; पार्षद ने दिया वैकल्पिक रास्ते का आश्वासन
भोपाल। भोपाल नगर निगम के प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मालीखेड़ी एलआईजी कॉलोनी असामाजिक तत्वाें का अड्डा बन गई है। इस कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है। यहां आए दिन चोरियां भी हो रही हैं। दो दिन पहले कुछ लोगों ने कॉलोनी की नवनिर्मित दीवार तोड़ दी। हालांकि वार्ड पार्षद ने वैकल्पिक रास्ता देने का आश्वासन दिया है।
मालीखेड़ी में एलआईजी के करीब 324 मकान हैं। करीब 350 फ्लैट्स हैं। नगर निगम ने कई लोगों को पजेशन दे दिया है। इसके बाद यहां लोग रहने भी आ गए हैं। यहां काम करने वाले लोगों ने बताया कि प्रोजेक्ट से लगी कुछ झुग्गियां बनी हैं। चूंकि ये कवर्ड कैंपस है। यहां रात में असामाजिक तत्व के लोग आकर शराबखोरी करते हैं। नशे में धुत होकर हंगामा करते हैं। कई बार यहां सामान भी चोरी जा चुका है।
दो दिन पहले तोड़ दी थी बाउंड्रीवॉल
नगर निगम द्वारा कवर्ड कैंपस बनाया गया है। इसी को लेकर यहां निर्माण कंपनी ने बाउंड्रीवॉल बनाई, लेकिन आसपास के रहने वाले लोगों ने बाउंड्रीवॉल तोड़ दी। इसे लेकर संबंधितों पर केस भी दर्ज कराया जाएगा।
यहां रहने वाली भूरी बाई का कहना है कि ‘हमें कॉलोनी के अंदर से रास्ता चाहिए।’ जबकि कॉलोनी के लोग इसके लिए राजी नहीं हैं। कॉलोनी में रहने वाले लोगों का कहना है कि जब निगम से घर लिए थे, तो कवर्ड कैंपस की बात हुई थी, तो रास्ता क्यों दें?
निर्माण कंपनी के कर्मचारी ने बताया कि इससे पहले बाउंड्री बनाने के समय भी यहां के लोगों ने विरोध किया था। वे लड़ाई पर उतारू हो गए थे।

निगम ने झुग्गीवासियों को पहले से दिया है रास्ता
नगर निगम की ओर से झुग्गी में रहने वाले लोगों को पहले से रास्ता दिया हुआ है, लेकिन लोग यहां से जाने के लिए तैयार नहीं हैं। दरअसल, कॉलोनीवासियों के मुताबिक अगर ऐसा होता है, तो कॉलोनी में चोरी की घटनाएं बढ़ जाएंगी। वहीं, अगर कोई घटना होती है, तो उसके लिए कौन जिम्मेदार होगा।
पार्षद ने किया निरीक्षण, रास्ता बनवाने को कहा
बुधवार को इसी समस्या को लेकर सभी कॉलोनी के लोग इकट्ठे हुए। उन्होंने वार्ड 72 के पार्षद विकास पटेल को भी मौके पर बुलाया। पार्षद ने क्षेत्र का निरीक्षण करते समस्याओं को सुना। इसके बाद उन्होंने झुग्गीवासियों के लिए अलग से रास्ता बनाकर देने के लिए कहा है।