MP बोर्ड 12वीं में रीवा की अंशिका मिश्रा, विदिशा की मुस्कान दांगी ओवरऑल टॉपर, आर्ट स्ट्रीम से जयंत यादव ने बाजी मारी

भोपाल। मध्यप्रदेश के माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 12वीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट बुधवार को घोषित किया है। रीवा की अंशिक मिश्रा ने मैथ्स-साइंस स्ट्रीम में 500 में से 493 और विदिशा की मुस्कान दांगी ने कॉमर्स में 493 मार्क्स हासिल कर ओवरऑल टॉप किया है। वहीं, शाजापुर के जयंत यादव आर्ट स्ट्रीम और सिवनी की सना अंजुम खान बायोलॉजी में टॉपर रहीं।
अंशिका इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की छात्रा हैं। मुस्कान सरस्वती शिशु मंदिर की छात्रा हैं। जयंत सहारा पब्लिक स्कूल के छात्र हैं। छह संकाय में कुल 132 स्टूडेंट्स ने स्टेट मेरिट लिस्ट में जगह बनाई हैं। इनमें सर्वाधिक 13 स्टूडेंट भोपाल के हैं। जबकि स्टेट मेरिट लिस्ट में इंदौर से केवल 1 स्टूडेंट का नाम है।
इस साल 64.49 प्रतिशत नियमित और 22.46 प्रतिशत प्राइवेट स्टूडेंट पास हुए हैं। रेगुलर स्टूडेंट्स में 60.55% लड़के, जबकि 68.43% लड़कियां पास हुई हैं। 2024 का रिजल्ट 64.49% रह, जबकि 2023 में यह 55.26 प्रतिशत था।
मोबाइल ऐप पर देख सकते हैं रिजल्ट
स्कूल शिक्षा विभाग की प्रमुख सचिव रश्मि अरुण शमी ने परिणाम जारी किया। रिजल्ट माध्यमिक शिक्षा मंडल बोर्ड की वेबसाइट और MPBSE MOBILE APP पर देख सकते हैं। 12वीं की बोर्ड परीक्षा 6 फरवरी से 5 मार्च तक चली थीं। प्रदेश में बोर्ड परीक्षाओं के लिए कुल 7,501 परीक्षा केंद्रों पर 8 लाख 57 हजार स्टूडेंट्स ने परीक्षा दी थी।

किस संकाय के कितने स्टूडेंट्स टॉपर्स
संकाय – टॉपर्स नंबर
आर्ट 24
गणित विज्ञान 45
कामर्स 23
कृषि (एग्रीकल्चर) 8
फाइन आर्ट एंड होम साइंस 3
विज्ञान बायोलॉजी 29
2023 में 55.26% था रेगुलर स्टूडेंट का रिजल्ट
साल 2023 में 12वीं में रेगुलर स्टूडेंट्स का रिजल्ट 55.26 प्रतिशत था, जबकि प्राइवेट स्टूडेंट रिजल्ट प्रतिशत 16.15 रहा था। 2024 में 12वीं में 18 लाख 22 हजार स्टूडेंट्स शामिल हुए हैं।
ऐसे देखें रिजल्ट
- MP बोर्ड की वेबसाइट https://mpresults.nic.in, https://mpbse.mponline.gov.in, https://mpbse.nic.in पर जाएं।
- वेबसाइट के होमपेज पर 10th और 12th के रिजल्ट के अलग-अलग लिंक मिलेंगे। किसी एक पर क्लिक करते ही नया पेज खुलेगा।
- इस पेज पर अपना रोल नंबर और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी। जानकारी सबमिट होते ही स्क्रीन पर रिजल्ट आ जाएगा।
- माशिमं के MPBSE MOBILE APP पर भी रिजल्ट देख सकते हैं। यह ऐप गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं।