CM शिवराज का ऐलान- एक हजार से शुरुआत, 3 हजार तक मिलेंगे, लाड़ली बहनों को योजना की पहली किस्त ट्रांसफर
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लाड़ली बहना योजना को लेकर कहा कि लाड़ली बहनों को तीन हजार रुपए तक दिए जाएंगे। शुरुआत एक हजार रुपए से की है। जैसे-जैसे पैसों की व्यवस्था होती जाएगी, 250-250 रुपए बढ़ाते जाएंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने शनिवार को 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में एक-एक हजार रुपए ट्रांसफर किए। कुल 1209 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए गए। जबलपुर में लाड़ली बहना योजना के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया।
हर महीने 3 हजार दूंगा, कांग्रेस की नहीं सुनना
सीएम शिवराज ने कहा कि मुझ पर विश्वास करो। आपको हर महीने तीन हजार रुपए दूंगा। कुछ लोग झूठी घोषणा कर रहे हैं। ऐसे लोगों से सावधान रहना है। सीएम ने कहा कि अभी जितनी भी योजनाएं चल रही हैं, उन्हें जारी रखने के लिए भाजपा के साथ रहना है। अपने भाई का साथ देना है। मोदी जी का साथ देना है। लाड़ली बहना परिवार के साथ लाड़ली बहना सेना भी बनेगी। इसमें अधिक से अधिक बहनें शामिल हों। इस सेना का काम बहनों की रक्षा करना होगा, इसलिए बहनों से कहता हूं कि अधिक से अधिक बहनें सेना में शामिल हों।
सीएम शिवराज ने कहा कि भारतीय संस्कृति में हजारों वर्षों से नारियों का सम्मान है। बीच में ऐसा समय आया, जब बेटियों और बहनों के साथ अन्याय हुआ। उन्हें दूसरे दर्जे का मान लिया गया। सीएम ने पहले लाड़ली बहना योजना का उद्देश्य और उसे लागू करने का कारण बताया। गौरतलब है कि कांग्रेस ने भी नारी सम्मान योजना के तहत 1500 रुपए हर महीने महिलाओं को देने की घोषणा की है।

कांग्रेस ने बंद की बेटा-बेटियों को लैपटॉप की योजना
सीएम ने कहा कि आज आनंद का दिन है। हर महीने महिलाओं के खाते में एक हजार रुपए डाले जाएंगे। पहले ये योजना आदिवासियों के लिए बनाई थी। उनकी हालत सुधर गई। जब कांग्रेस की सरकार आई, तो उन्होंने बंद कर दी। बेटा-बेटियों के लैपटॉप भी कांग्रेस ने बंद कर दिए थे। सरकार एक हजार रुपए तक ही नहीं रुकेगी। धीरे-धीरे पैसे बढ़ाते जाएंगे। पैसे का इंतजाम होते ही और भी बढ़ाएंगे। भविष्य में 250-250 रुपए बढ़ाकर तीन हजार रुपए तक ले जाएंगे।
21 साल की महिलाओं को भी योजना का लाभ
सीएम ने कहा कि अभी तक 23 साल या उससे ज्यादा की उम्र की शादीशुदा बहनों को योजना का लाभ मिलता था। अब जो बेटी 21 साल की हो गई है, उसे भी लाड़ली बहना योजना का लाभ दिया जाएगा।
335 करोड़ के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री यहां 335 करोड़ के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इनमें 213.12 करोड़ के 28 निर्माण कार्यों का लोकार्पण व 121.85 करोड़ के 45 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। समारोह स्थल पर 16 विभागों द्वारा विकास की गतिविधियों को प्रदर्शित करते स्टॉल लगाए गए हैं। वीरांगनाओं पर केंद्रित चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई है।