अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर जबलपुर में आक्रोश, ‘आप’ ने किया प्रदर्शन

जबलपुर। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को मनी लांड्रिंग में ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ने गुरुवार को गिरफ्तार किया है। इसके विरोध में कई जगह आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। जबलपुर में भी आप पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मालवीय चौक पर धरना दिया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि ईडी और सीबीआई की दम पर सरकार चल रही है।
पार्टी के सह संयोजक रामकिशोर शिवहरे ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ऐसे नेता हैं, जिन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य के मामले में देश भर में मिसाल बनाई है। शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली में दिल्ली की जनता केजरीवाल की भक्त है। उसी केजरीवाल को ईडी ने केंद्र सरकार के निर्देश पर गिरफ्तार किया है।
कार्यकर्ताओ ने केन्द्र सरकार और भाजपा के खिलाफ जमकर नारे लगाए। पार्टी के प्रदेश सहसंयोजक ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अरविंद केजरीवाल पर गलत तरीके से भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर उन्हें जेल भिजवाया।