Wednesday, September 25, 2024
MP

इंदौर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने किया चक्काजाम, कलेक्टर बोले-सब पर FIR होनी चाहिए 

इंदौर में सोमवार को अपनी मांगों को लेकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम कर दिया। इस कारण कलेक्ट्रेट तिराहे पर करीब एक घंटे तक ट्रैफिक बाधित रहा। वाहन चालक परेशान होते रहे। कलेक्टर इलैया राजा टी ने चक्काजाम पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सभी पर केस दर्ज होना चाहिए।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता वेतन वृद्धि समेत कई मांगों को लेकर 15 दिनों से प्रदर्शन कर रही हैं। सोमवार को कार्यकर्ताओं ने कलेक्टोरेट तिराहे पर चक्काजाम कर दिया। महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें हटाने की असफल कोशिश की। कुछ देर बाद कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर से मिला। कलेक्टर ने कहा कि तुम लोगों के खिलाफ FIR दर्ज होनी चाहिए।

पुलिस से भी की बहस
यहां कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाई। इससे ट्रैफिक जाम हो गया। समझाइश देने पहुंची पुलिस से भी बहस की। उनकी मांगें है कि कई जिलों में तानाशाही कर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं, उन्हें वापस लिया जाए। न्यूनतम वेतन दिया जाए, नियमितिकरण किया जाए। सेवानिवृत्ति पर एक मुश्त राशि व ग्रेच्युटी दी जाए। उन्होंने कहा कि अन्य विभागों द्वारा हमसे लिए गए काम का सम्मान दिया जाए।

वाहन चालक होते रहे परेशान

उधर, वाहन चालकों ने भी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं पर नाराजगी जताई। दोनों पक्षों में नोंकझोक हुई। करीब एक घंटे प्रदर्शन चलता रहा। एक एम्बुलेंस को भी रोका गया। समझाइश के बाद उसे जाने दिया गया।

आखिरकार कुछ कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर से मिला। कलेक्टर ने कार्यकर्ताओं के प्रति नाराजगी जताई। कलेक्टर ने कहा कि आंदोलन का तरीका ठीक नहीं है। ऐसे कदम उठाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *