छिंदवाड़ा में लावारिस मिठाई खाने से अब बुजुर्ग की मौत; होटल में थैली में मिली थी, पहले गार्ड की जान गई थी

छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा में संदिग्ध मिठाई खाने से फूड पॉइजनिंग के कारण बुजुर्ग की मौत हो गई। मंगलवार को इलाज के दौरान सुंदर लाल कथूरिया (72) ने दम तोड़ दिया। इससे पहले, पीएचई विभाग के गार्ड की भी इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।
बता दें कि 9 जनवरी को पीएचई विभाग के दफ्तर के पास स्थित होटल में अज्ञात व्यक्ति मिठाई से भरी थैली छोड़ गया था। काफी देर तक जब कोई नहीं आया, तो वहां मौजूद लोगों ने मिठाई निकालकर खा ली।
An elderly man has died in Chhindwara after eating unclaimed sweets
मिठाई खाते ही बिगड़ने लगी तबीयत
बताया जा रहा है कि तीन से चार लोगों ने मिठाई खाई थी। कुछ समय बाद ही सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। रविवार को इलाज के दौरान गार्ड की मौत हुई। अब मंगलवार को बुजुर्ग सुंदर लाल ने भी दम तोड़ दिया।
मिठाई में जहरीला पदार्थ मिला हो सकता है
बिना पोस्टमॉर्टम के ही परिजन ने गार्ड के शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। इसके बाद से प्रशासन मामले की निगरानी कर रहा था। दूसरी मौत के बाद सुंदर लाल कथूरिया के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। आशंका है कि मिठाई में जहरीला पदार्थ मिला हो सकता है।
An elderly man has died in Chhindwara after eating unclaimed sweets
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग संयुक्त जांच कर रहे
जानकारी मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सालोडे ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। बीएमओ डॉ. सुरेश नागवंशी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। दो मरीजों का इलाज जारी है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग संयुक्त रूप से जांच कर रहे हैं।
