गरबे में बजा- ‘अभी तो पार्टी शुरू हुई है…’ गाना, बजरंग दल बोला- फूहड़ता नहीं चलेगी
उज्जैन। उज्जैन के एक होटल में चल रहे गरबे को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने रुकवा दिया। कहा- गरबे में फिल्मी गाने नहीं चलेंगे। ‘अभी तो पार्टी शुरू हुई है…’ गाने को फूहड़ बताते हुए कहा कि यह बर्दाश्त नहीं होगा।
दरअसल, एक दिन पहले इसी गरबे पंडाल का वीडियो सामने आया था। इसके बाद बजरंग दल के 50 से ज्यादा कार्यकर्ता बुधवार रात अचानक पहुंचे। आयोजकों ने उनकी समझाइश मान ली, इसके बाद गरबा फिर शुरू हुआ।
वहीं, चिंतामन रोड स्थित सॉलिटेयर होटल में ‘डांडिया वाइब्स’ के नाम से तीन दिन के लिए गरबे का आयोजन चल रहा है। आयोजन मुहूर्त इवेंट की ओर से कराया जा रहा है, जिसमें एंट्री फीस 350 रु. से 1500 रु. तक है।
वीडियो में बॉलीवुड सॉन्ग्स पर थिरकते दिखे थे लोग
गरबे का मंगलवार रात का वीडियो सामने आया था। ‘बस आज की रात है, कल से बड़े सियापे हैं…’, ‘अभी तो पार्टी शुरू हुई है…’ गानों पर थिरकते दिखे। इसी बात से बजरंग दल में नाराजगी है।
उन्होंने आयोजकों को चेतावनी दी कि आप पार्टी करें, हमें लेना-देना नहीं। लेकिन, माता की आराधना के नाम पर फूहड़ता बर्दाश्त नहीं करेंगे। कार्यकर्ता अंकित चौबे ने कहा कि माता की आराधना के नाम पर ‘अभी तो पार्टी शुरू हुई है…’ जैसे फूहड़ गानों पर गरबा सहन नहीं किया जाएगा। आयोजकों और डीजे वालों को समझाई दी। उन्होंने बात मान ली है।
छेड़छाड़ के आरोप में गैर हिंदू युवक की पिटाई
दशहरा मैदान में चल रहे गरबे में हिंदूवादी नेताओं ने एक गैर हिंदू युवक को पकड़कर पीट दिया। यहां हिंदू जागरण मंच (उज्जैन महानगर) रिदम गरबे का आयोजन करा रहा है। आरोप है कि युवक गरबे में आई युवतियों को इशारा कर छेड़खानी कर रहा था। उसे पुलस के हवाले कर दिया गया।