भोपाल में कुत्ते ने 6 साल के बच्चे का जबड़ा नोंचा, दांत भी खा गए; 20 टांके आए

भोपाल। भोपाल में आवारा कुत्ते ने 6 साल के बच्चे पर हमला कर दिया। बच्चे का जबड़े नोंच दिया। उसे 20 टांके आए हैं। डॉक्टर ने तीन दांत भी निकाले हैं। बच्चे को कमला नेहरू हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। बुरी तरह जख्मी होने के कारण बच्चा दो दिन से कुछ खा नहीं सका।
घटना मंगलवार रात की है। इसका खुलासा बुधवार रात हुआ। परिजन नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष और पार्षद शबिस्ता जकी से मदद मांगने पहुंचे।
गंगा नगर बस्ती में रहने वाले इमरान खान मजदूरी करते हैं। रात में उनका 6 साल का बेटा हुमेर घर के बाहर खेल रहा था, तभी आवारा कुत्ते ने बच्चे पर हमला कर दिया। चीख सुनकर दौड़कर आए लोगों ने जैसे-तैसे कुत्ते को भगाया और बच्चे को बचाया। खून से लथपथ बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्चे के पिता इमरान ने बताया कि मुझे कमला नेहरू अस्पताल में दवाएं बाहर से लाने को कहा गया। मेरे पास पैसे नहीं हैं।
मजदूरी करता है परिवार
नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष जकी ने बताया- पीड़ित बच्चा वार्ड 24 स्थित साइंस सेंटर के पास बाणगंगा क्षेत्र में रहता है। बच्चे के चेहरे और शरीर पर गहरे जख्म हैं। जकी ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने बताया कि जिस जगह हुमेर पर कुत्ते ने हमला किया, वहीं बुधवार रात तीन अन्य लोगों को काटा। महापौर समेत अन्य जिम्मेदारों से आवारा कुत्तों को पकड़ने की बात कही है। इमरान ने बताया कि मोहल्ले में कुत्तों के झुंड हैं। निगम से शिकायत की, लेकिन कुत्तों को पकड़ने कोई नहीं आया।
डॉक्टर बोले- अभी सर्जरी की स्थिति नहीं
हमीदिया अस्पताल के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. धीरेंद्र श्रीवास्तव का कहना है कि इस केस में रिस्क ज्यादा है। बच्चे को अनवैक्सीनेट डॉग ने काटा है। चेहरे पर काटने और डेंटल इंजुरी है। अभी सर्जरी नहीं की जा सकती। टूथ एक्सटेंशन और एंटी रैबीज वैक्सीनेशन किया है। बच्चा स्टेबल लग रहा है। वैक्सीनेशन स्टेटस आने के बाद ही ट्रीटमेंट किया जाएगा। फीडिंग भी ड्रिप से दी जा रही है।
नहीं आए कुत्ते पकड़ने वाले
मां समरीन ने बताया कि हमारे इलाके में पिछले करीब डेढ़ महीने में कुत्ते बहुत हो गए हैं। इसकी शिकायत भी कर चुके हैं। कुत्ते पकड़ने वाले यहां नहीं आए। बच्चे को काटने के बाद कुत्ते पकड़ने वाले आए।