Monday, July 28, 2025
MP

लगातार बढ़ रही कमाई, फिर भी शहर बदहाल: MP के निकायों ने वसूले 2 हजार 532 करोड़, यह 12 % ज्यादा

भोपाल। पिछले तीन साल में मध्यप्रदेश में नगरीय निकायों की कमाई लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसा पहली बार हुआ, जब प्रदेश में नगरीय निकायों को प्रॉपर्टी टैक्स में वसूली में 12% ज्यादा मिला है। निकायों की वित्तीय रिपोर्ट में गैर राजस्व कर में भी 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, दूसरी तरफ प्रदेश में शहरों की हालत बदतर है। शहरी क्षेत्र में 13 हजार 545 सड़कों किमी लंबी सड़कों का मरम्मत नहीं हो सकी है।

नगरीय विकास एवं आवास विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2021-22 में अलग-अलग मद से नगरीय निकायों की करीब 2 हजार 354 करोड़ रुपये की कमाई हुई। वहीं, वित्तीय वर्ष 2022-23 में करीब 2532 करोड़ मिले। प्रॉपर्टी टैक्स से 2021-22 में 1 हजार 83 करोड़ रुपये मिले, तो 2022-23 में 1 हजार 206 करोड़ मिले। इसके अलावा, नगर पालिकाओं की आय में भी 10 % वृद्धि हुई है। इसके अलावा, नगर परिषदों की आय में भी 21 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

नॉन परफॉर्मिंग निकायों ने बनाया रिकॉर्ड
सबसे ज्यादा वसूली करने वाले नगर निगमों में उज्जैन, सिंगरौली, छिंदवाड़ा व ग्वालियर हैं। इन्होंने 20 प्रतिशत से अधिक कमाई की है। नगर पालिका परिषदों व नगर परिषदों में कोठरी, माचलपुर, इछावर, अम्बाह, शिवपुरी, आरोन, बारासिवनी, बरघाट और डिंडोरी ने रिकॉर्ड बनाया।

प्रावधानों के तहत नहीं होता काम
मप्र नगरपालिका अधिनियम 1961 में संपत्ति कर के खर्च या उपयोग संबंधित नियमों का प्रावधान है। इसके अलावा, नगरीय निकायों को भी खर्च संबंधित अधिकार हैं।  राजधानी में प्रावधान किया कि जिस वार्ड से संपत्तिकर वसूला जाएगा, वहां वसूले कर की 50 प्रतिशत राशि विकास कार्य में खर्च होगी, लेकिन ऐसा नहीं होता। यही कारण है कि इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन समेत बड़े शहर मूलभूत सुविधाओं से महरूम हैं।

वसूली करें, लेकिन सुविधाएं भी दें
जानकार बताते हैं कि बीते कुछ सालों से नगरीय निकायों में वसूली पर जोर दिया गया है। नल कनेक्शन काटने के साथ कुर्की की कार्रवाई भी की गई। दुख की बात ये है कि राजस्व वृद्धि के बाद भी शहरों की हालत खराब है। निगम सीमा के शत प्रतिशत क्षेत्रों में ही नियमित और पर्याप्त पानी सप्लाई नहीं हो पा रही। नगर पालिका, नगर परिषद तो दूर, नगर निगम क्षेत्रों की सड़कों की हालत खराब है। स्ट्रीट लाइटें नहीं सुधारी जा रहीं।

आय वृद्धि से और अधिक विकास कार्य होंगे- मंत्री
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश के सभी निकाय प्रगति की ओर हैं। निकायों की आय में वृद्धि से और अधिक विकास कार्य किए जा सकेंगे। सुधार के लिए निरंतर काम किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *