राधा रानी के बाद पं. प्रदीप मिश्रा फिर विवादों में, कहा-ताप्ती ने कृष्ण से मिलने रचा था यमुना का रूप; पुजारी बोले- माफी मांगें
बैतूल। राधा रानी विवाद के बाद अब सीहोर में कुबेरेश्वर धाम के पंडित प्रदीप मिश्रा फिर विवादों में हैं। बैतूल में मुलताई के मां ताप्ती मंदिर के प्रमुख पुजारी सौरभ जोशी ने पंडित मिश्रा पर ताप्ती के अपमान का आरोप लगाया है। जोशी ने कहा कि यदि वे मुलताई आकर मां ताप्ती से माफी नहीं मागेंगे, तो उनके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा’।
जोशी ने रविवार को वीडियो जारी किया। इसमें पंडित प्रदीप मिश्रा ने कथा के दौरान कहा था कि ताप्ती महारानी भगवान कृष्ण पर मोहित हो गई थीं। इसी कारण यमुना ने उन्हें श्राप दिया था, जबकि इस बात का शास्त्र में उल्लेख नहीं है।
पंडित प्रदीप मिश्रा का वीडियो दिसंबर 2022 का है, जब वे बैतूल में शिव पुराण कथा के लिए आए थे।
Pt. Pradeep Mishra again in controversy
वीडियो में पंडित प्रदीप मिश्रा कह रहे- ताप्ती को यमुना ने दिया था श्राप
दरअसल, पं. मिश्रा का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसमें वे कहते दिख रहे हैं, ‘माता यमुना और उनकी छोटी बहन ताप्ती की आपस में कभी नहीं बनी। यमुना जी का नियम था कि जिस समय उनके घाट पर भगवान रास करेंगे, उस समय यमुना ठाकुर जी के श्री विग्रह पर आए पसीने को पोंछने जाएंगी।
एक बार यमुना का रूप रखकर ताप्ती चली गईं। ताप्ती ने श्री विग्रह के पसीने को पोंछ दिया। इसी दौरान यमुना जी वहां पहुंचीं और ताप्ती को देख लिया। यमुना जी को गुस्सा आ गया। उन्होंने पूछा तो ताप्ती ने कहा- मैं कृष्ण को अपना बनाना चाहती हूं।’
इस पर यमुना ने क्रोध में आकर ताप्ती को श्राप दिया कि किसी भी नदी में अस्थियां विसर्जित होंगी, तो उनको गलने में 44 दिन लगेंगे, लेकिन तेरे जल में वे तुरंत समाप्त हो जाएंगी। आज भी ताप्ती नदी में अस्थियों को डाला जाता है, तो वह डेढ़ घंटे के अंदर पानी में बह जाती हैं।’
Pt. Pradeep Mishra again in controversy
पुजारी बोले- अस्थियां जल्द घुलना ताप्ती की महिमा
ताप्ती मंदिर के पुजारी सौरभ जोशी ने कहा कि पंडित प्रदीप मिश्रा ने गलत जानकारी देकर गुमराह किया है। मां ताप्ती कभी भी कृष्ण पर मोहित नहीं रहीं। ताप्ती के जल में अस्थियां उनकी महिमा की वजह से जल्द घुलती हैं।
जोशी ने पंडित मिश्रा से मुलताई आकर ताप्ती महारानी का जल आचमन करके उनसे क्षमा याचना करने की मांग की है। उन्होंने सभी ताप्ती भक्तों से भी विरोध-प्रदर्शन करने की अपील की है।
Pt. Pradeep Mishra again in controversy