पूर्व मंत्री के भाजपा छोड़ने पर नरोत्तम बोले-हम उनके साथ; कमलनाथ-दिग्विजय काे बताया थका हुआ नेता
भोपाल। पूर्वमंत्री दीपक जोशी के कांग्रेस जॉइन करने की खबरों पर गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने मंगलवार को बयान दिया। उन्होंने कहा कि दीपक जोशी समर्पित और योग्य व्यक्ति हैं। वे वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं, हम सब उनके साथ हैं। नरोत्तम मिश्रा ने इस दौरान कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कमलनाथ और दिग्विजय को पका और थका हुआ नेता बताया।
दीपक जोशी ने कहा- मुझे सहारे की जरूरत
सोमवार को दीपक जोशी ने खुद ही कांग्रेस में जाने की पुष्टि की थी। उन्होंने कहा था कि मुझे सहारे की जरूरत है, मैं अकेला कब तक लड़ूंगा। जो मुझे सहारा देगा, उसके साथ रहूंगा। 5 मई को मेरी पत्नी की पहली बरसी है। उसके 7 दिनों तक कार्यक्रम चलेंगे। उसके बाद कांग्रेस जॉइन करूंगा। कमलनाथ से मेरी बात हो चुकी है। मैं बिना शर्त कांग्रेस जॉइन कर रहा हूं।
कमलनाथ और स्वास्थ्य रक्षकों से संवाद पर कसा तंज
पीसीसी में स्वास्थ्य रक्षकों से कमलनाथ के संवाद पर नरोत्तम ने तंज कसा। कहा- इनको चुनाव में ही ध्यान आता है। जब सरकार थी, तब किसी से बात नहीं की। अब चुनाव आ गया, तो कभी हिंदुत्व पर तो कभी हिंदू पर सवाल कर रहे हैं। चुनाव आ गया तो स्वास्थ्यकर्मियों से चर्चा, एक मई को मजदूर दिवस पर छुट्टी। जब एजेंडा लगाना था, तब लगाया नहीं। जनता सब जानती है, समझती है कि ये क्या स्वांग कर रहे हैं।
दिग्विजय-कमलनाथ को कहा पका हुआ नेता
गूहमंत्री ने हिंदू के बारे में कमल नाथ के हालिया बयान और दिग्विजय सिंह के ‘गर्व से कहो हम हिंदू, लेकिन पहले हम सब हिंदुस्तानी’ ट्वीट पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दोनों को ‘पका हुआ व थका हुआ’ नेता बताया। नरोत्तम ने कहा कि कांग्रेस में अब ये दो ही नेता बचे हैं। एक दिग्विजय सिंह हैं, जिनसे जनता पक गई है। दूसरे हैं कमल नाथ, जो थक गए हैं। एक पका हुआ है, दूसरा थका हुआ। हकीकत यह है कि कांग्रेस के नेता हिंदुओं के अपमान का कोई भी मौका नहीं चूकते। कांग्रेस की सरकार आए, तो हिंदू समझदार और हमारी सरकार आए, तो हिंदू बेवकूफ। ये इनकी थीम रहती है।
ये इनका कैसा हिंदुत्व
नरोत्तम ने कहा कि ओसामा को ‘ओसामा जी’ कहना, ये उनका हिंदुत्व है। राम मंदिर की तारीख पर सवाल उठाने को ये हिंदुत्व मानते हैं। रामसेतु और राम को काल्पनिक कहने को ये हिंदू मानते हैं। जाकिर नाइक को शांतिदूत कहना इनका हिंदुत्व है। आरएसएस जैसे राष्ट्रवादी संगठन की तुलना बोको हराम से करने को ये हिंदू मानते हैं। इन पके हुए और थके हुए लोगों के कारण ही कांग्रेस रसातल में जा रही है।