जबलपुर में सट्टेबाज फंदे पर झूला, पिता-भाई के साथ मिलकर चलाता था सट्टा

जबलपुर। जबलपुर में ओमती थाना क्षेत्र में सट्टेबाज ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। सूचना पर परिजन पहुंचे। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। विवेक खत्री रेस्टोरेंट चलाता था। साथ ही, सट्टे का काम भी करता था। घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना शनिवार रात करीब 10 बजे की है।
मृतक के चाचा द्वारका चावला ने बताया कि रात में विवेक खत्री की पत्नी मायके सदर गई थी। रात को जब लौटकर आई, तो देखा कि घर का दरवाजा खुला था। अंदर जाकर देखा तो विवेक फंदे पर लटका था। पत्नी ने तुरंत ही परिजनों की सूचना दी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
विवेक का रसल चौक के पास रेस्टोरेंट है। इसके अलावा, वह सट्टा का बड़ा कारोबारी है। जबलपुर में विवेक को सट्टा किंग के नाम से भी जाना जाता है।
पुलिस ने विवेक का मोबाइल जब्त किया है। मौके से सुसाइड नोट भी नहीं मिला है।
पूरा परिवार सट्टे में लिप्त
विवेक खत्री का परिवार सट्टा में लिप्त है। विवेक खत्री और उसके पिता, भाई पर आरोप लगे थे कि उन्होंने रसल चौक स्थित रेस्टारेंट संचालक के पुत्र को सट्टा खेलने के लिए रकम दी। बाद में जबरन रेस्टारेंट की रजिस्ट्री करा ली गई। करीब दो साल पहले पुलिस ने विवेक के पिता मुरलीधर खत्री को गिरफ्तार किया था। थाना ओमती ने कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक विवेक के पिता मुरली दुबई से सट्टा संचालित करने वाले सतीश सनपाल का करीबी है।