उज्जैन में दांडी आश्रम के आचार्य और सेवादार पर यौन शोषण का केस, 19 बच्चों ने की शिकायत

उज्जैन। उज्जैन में दंडी आश्रम के आचार्य और सेवादार पर बच्चों से यौन शोषण का अरोप लगा है। उनके खिलाफ आश्रम में पढ़ने वाले 19 बच्चों ने महाकाल थाने में केस दर्ज कराया है। आश्रम संचालक ने पुलिस बुलाकर आचार्य को गिरफ्तार कराया, जबकि सेवादार फरार है।
बड़नगर रोड स्थित दंडी आश्रम 30 साल पुराना है। शुरुआत में तीन लड़कों के साथ गलत काम होने की जानकारी आई। अभिभावकों ने मंगलवार शाम बैठक की। बैठक में पीड़ित किशोरों की संख्या तीन से बढ़कर 19 हो गई।
बता दें कि आरोपी आचार्य राहुल शर्मा ने करीब 7 महीने पहले रेप पीड़ित की मदद की थी। खून से सनी 12 साल की बच्ची आधे कपड़ों में ढाई घंटे से भटक रही थी। राहुल ने उसे खाना खिलाकर महाकाल थाने में सूचना दी थी।
बच्चों ने बताई करतूत
आश्रम संचालक गजानंद सरस्वती ने बताया कि चैत्र नवरात्र के समय कुछ अभिभावकों ने सेवादार अजय ठाकुर की शिकायत की थी। उसे निकाल दिया था। इसके बाद शिकायत करने वाले बच्चों की संख्या बढ़ने लगी। अभिभावकों ने वॉट्सऐप पर ग्रुप बनाकर 30 अप्रैल को सभी से आश्रम आने को कहा।
मंगलवार को हुई बैठक में 20 से अधिक बच्चों के अभिभावक आए थे। सभी ने सेवादार अजय की शिकायत माता-पिता से की थी। उनका गुस्सा भी अजय ठाकुर पर ही था। बैठक में एक-एक कर बच्चों को बुलाकर बात की। एक बच्चे ने रोते हुए आचार्य राहुल शर्मा का नाम भी लिया। इसके बाद बच्चों के माता-पिता भड़क गए।
राजगढ़, मंदसौर और देवास जिले के लड़कों ने पुलिस को बताया कि पिछले कई दिन से अजय ठाकुर और राहुल शर्मा उनका यौन शोषण कर रहे थे। दोनों उन्हें कमरे में बुलाते थे। एडिशनल एसपी जयंत राठौर ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। अजय फरार है।