इंदौर में BPO कंपनी के अफसर ने किया सुसाइड, होटल में फंदे पर मिला शव; दोस्तों से मिलकर जाने वाली थी अहमदाबाद

इंदौर। इंदौर में बीपीओ कंपनी की टीम लीडर ने सुसाइड कर लिया। रविवार सुबह स्कीम नंबर 54 की होटल डेस्टिनी में उनका शव फंदे पर मिला है। युवती इंदौर के दोस्तों से मिलने के बाद रविवार सुबह फ्लाइट से अहमदाबाद जाने वाली थी।
युवती का नाम नल्ला पूजा (24) पुत्री एन गोपी कृष्णा है। वह 19 अप्रैल को होटल डेस्टिनी में रुकी थी। पूजा अहमदाबाद में बीपीओ (बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग) कंपनी में टीम लीडर की पोस्ट पर थी। इससे पहले, वह इंदौर की एक कंपनी में जॉब करती थी।
सहेली ने फोन किया, तब पता चला
रविवार सुबह पूजा की सहेली श्वेता ने हाल-चाल जानने के लिए कॉल किया। पूजा ने फोन रिसीव नहीं किया, तो कुछ देर बाद होटल पहुंची। यहां होटल स्टाफ ने रूम में होने की जानकारी दी।
श्वेता ने पूजा के कमरे के बाहर डोर बेल बजाई और दरवाजा भी खटखटाया। रिस्पॉन्स नहीं मिला, तो होटल स्टाफ को बुलाया। स्टाफ ने मास्टर-की (चाबी) से कमरे का लॉक खोला। अंदर देखा तो पूजा का शव खिड़की में फंदे पर लटका था।
कुछ महीने पहले ही गई थी हैदराबाद
विजय नगर थाना प्रभारी सीबी सिंह का कहना है कि पूजा पहले इंदौर के कॉल सेंटर में जॉब करती थी। इसके बाद उसकी जॉब अहमदाबाद की कंपनी में लग गई। वहां जाने से पहले वह दोस्तों से मिलने इंदौर आई थी। सुबह फ्लाइट से उसे अहमदाबाद जाना था। पूजा हैदराबाद के पास श्रीकाकुलम् की रहने वाली थी। कुछ महीने पहले माता-पिता के पास हैदराबाद गई थी।
मौके पर सुसाइड नोट नहीं मिला है। पूजा के पिता से मोबाइल पर बात कर जानकारी दी गई है। पिता ने तनाव होने से इनकार किया है। परिवार के लोगों को इंदौर आने के लिए कहा गया है। उनके आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
सहेली श्वेता ने बताया कि पूजा शादी की बात चल रही थी। उसे श्रीकाकुलम् (हैदराबाद) बुला रहे थे, लेकिन वह शादी नहीं करना चाहती थी। उसे किडनी में स्टोन था। इसके दर्द से वह परेशान रहती थी। पुलिस ने पूजा का मोबाइल जब्त किया है। पूजा का भाई हैदराबाद में डिलीवरी बॉय है। पिता टी स्टॉल चलाते हैं।