Monday, July 28, 2025
MPPolitics

मंत्री सिलावट के बयान पर दिग्विजय का पलटवार, कहा- BJP-संघ के लिए मैं कोरोना वायरस 

इंदौर। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय ने कहा कि मैं भाजपा और संघ के लिए कोरोना वायरस ही हूं। ​​तुलसी सिलावट क्या थे, ये इंदौर के लोग जानते हैं। क्या थे वो? अब क्या हैं, कहां से आया? कौन सा धंधा चलता है तुलसी सिलावट का? ये उनसे पूछिए कि आपका इतना बड़ा धंधा कहां से हो गया। कहां से इतना पैसा आया?

दिग्विजय सिंह बुधवार को इंदौर पहुंचे।। इस दौरान उन्होंने मंत्री तुलसी सिलावट के कोरोना वाले बयान पर पलटवार किया। चार दिन पहले तुलसी सिलावट ने दिग्विजय सिंह को कांग्रेस का कोरोना बताया था। दिग्विजय ने कांग्रेस सेवादल के गुरुवार से शुरू होने वाले प्रशिक्षण वर्ग का निरीक्षण किया।

सिलावट ने कहा था- दिग्विजय को चीन में जन्म लेना था

जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को लेकर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह कांग्रेस के कोरोना हैं। कोरोना की उत्पत्ति चीन से हुई है, इसलिए सिंह को भी चीन में ही जन्म लेना चाहिए था।

गौरतलब है कि हाल ही में दिग्विजय सिंह ने उज्जैन में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को लेकर कहा था- हे महाकाल, कांग्रेस में दूसरा सिंधिया न हो। इसी के बाद से सिंधिया समर्थक मंत्रियों ने दिग्विजय सिंह पर जुबानी हमले के साथ ट्वीटर पर पोस्ट करना शुरू कर दिए थे।

इधर, दिग्विजय के खिलाफ मानहानि केस में आरोप तय 

पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के खिलाफ मानहानि मामले में भोपाल की MP MLA विशेष कोर्ट ने आरोप तय किए हैं। मामले में कोर्ट में बुधवार सुनवाई हुई। इस दौरान दिग्विजय सिंह कोर्ट में उपस्थित नहीं हुए। उनके वकील कोर्ट के समक्ष पक्ष रखा।

दरअसल, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने उनके खिलाफ मानहानि का केस दर्ज कराया था। वीडी शर्मा ने कोर्ट में बताया था कि दिग्विजय सिंह ने 4 जुलाई 2014 को आरोप लगाया था। कहा था कि वीडी शर्मा ABVP के महामंत्री रहे हैं। उन्होंने व्यापमं घोटाले में बिचौलिए का काम किया है। वीडी शर्मा ने कहा था कि इस बयान से उनकी छवि धूमिल हुई है। कोर्ट ने 5 दिसंबर 2022 को धारा 500 के तहत दिग्विजय सिंह पर केस दर्ज किया था। इस मामले में दिग्विजय जमानत ले चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *