Sunday, July 27, 2025
MPPolitics

दिग्विजय के बयान पर भड़की BJP, शिवराज बोले- सिंधिया गद्दार नहीं, बल्कि खुद्दार, विजयवर्गीय ने कहा- उज्जैन में मति कैसे भ्रष्ट हो गई 

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के ज्योतिरादित्य सिंधिया पर दिए गए बयान के बाद सियासत गर्म हो गई है। दूसरे दिन यानी शनिवार को सीएम शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा, ‘सिंधिया गद्दार नहीं, बल्कि खुद्दार हैं। कांग्रेस में रहते कितना अपमान सहते। चुनाव लड़ा सिंधिया के नाम पर और मुख्यमंत्री बुजुर्ग कमलनाथ को बनाया। हम किसी की मेहरबानी पर सरकार नहीं चला रहे। सिंधिया ने इस्तीफा दिया। चुनाव लड़ा और शान से जीतकर आए, लेकिन कांग्रेस में छोटेपन और ओछेपन की होड़ है। इसमें कमलनाथ और दिग्विजय सिंह समेत सब शामिल हैं।’

भोपाल में सीएम शिवराज ने कहा कि सरकार कमलनाथ नहीं दिग्विजय चला रहे थे। कमलनाथ का तो नाम मात्र का चेहरा था। बार-बार सिंधिया और उनके साथी जन समस्याओं की ओर ध्यान दिला रहे थे। कमलनाथ का अहंकार बड़ा था। सिंधिया ने कहा कि यह काम करो नहीं तो सड़कों पर उतरेंगे। तब कमलनाथ ने ईगो में कहा कि उतर जाओ। गाड़ी में बिठाकर दूसरी पार्टी में छोड़ आउंगा। आखिर कोई भी खुद्दार नेता कैसे बर्दाश्त करता। मिलने जाएं, तो कमलनाथ मिलते नहीं थे। अगर वो गलत लोग होते, तो जनता हजारों वोटों से कैसे जिताती। कांग्रेस में रहते दो-दो हजार वोटों से जीते थे, फिर 50-50 हजार वोटों से जीते।

दिग्विजय सिंह ने दिया था सिंधिया के लिए बयान

दरअसल, शुक्रवार को दिग्विजय सिंह ने सिंधिया के लिए कहा था ‘हे भगवान, हे महाकाल कांग्रेस में अब कोई दूसरा ज्योतिरादित्य सिंधिया पैदा मत करना।’ इसके बाद सिंधिया ने भी ट्वीट कर जवाब में लिखा, हे प्रभु महाकाल दिग्विजय सिंह जैसा देश विरोधी और बंटाधार भारत में पैदा ना हो।’

कैलाश विजयवर्गीय की दिग्विजय सिंह और सिंधिया को नसीहत

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय शनिवार को बाबा महाकाल दर्शन करने उज्जैन पहुंचे। यहां मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि हमेशा विपक्ष का सम्मान करना चाहिए। पता नहीं, उज्जैन में आकर दिग्विजय सिंह की मति कैसे भ्रष्ट हो गई। उन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया और दिग्विजय सिंह की बयानबाजी को लेकर दोनों नेताओं को सलाह दी। कहा कि अपनी भाषा की मर्यादा रखें। ऐसी भाषा शोभा नहीं देती।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर कसा था तंज

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा था, 15 महीने में हमारे धनाढ्य विधायक कमाई में लग गए और बिक गए। हमारे अनुसूचित जाति-जनजाति के विधायकों को भी ऑफर आए थे। उन्होंने 25-25, 50-50 करोड़ के ऑफर ठुकरा दिए, लेकिन बड़े-बड़े महाराजा बिक गए। आगामी चुनाव में विशेष ख्याल रखेंगे कि इस बार हमारा प्रत्याशी टिकाऊ हो, ना कि बिकाऊ।

दिग्विजय ने सीएम शिवराज पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने 2100 घोषणाएं कीं, लेकिन इन पर अमल नहीं हुआ। इसकी सूची जल्द आपको दी जाएगी। वहीं, प्रदेश पर बढ़ते कर्ज को लेकर कहा- मैंने मुख्यमंत्री पद छोड़ा था, तब प्रदेश पर 23 हजार करोड़ रुपए का कर्ज था। अब 3.50 लाख करोड़ का कर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *