MP बोर्ड की 10वीं, 12वीं एग्जाम को लेकर तैयारियां, थाने से केंद्र तक ऑनलाइन ट्रैकिंग, हर सेंटर पर कलेक्टर प्रतिनिधि
भोपाल। मध्यप्रदेश में 10वीं, 12वीं बोर्ड परीक्षा 5 व 6 फरवरी से शुरू होंगी। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने इसे लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। सेंटर तक पेपर सुरक्षित पहुंचाने के लिए डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम में बदलाव किया गया है। ऐप के माध्यम से पेपर केंद्र तक ले जाने के दौरान GPS से नजर रखी जाएगी। अब तक परीक्षा केंद्राध्यक्ष ही थाने से ही पेपर सुबह लाते थे। बोर्ड के अधिकारियों की मानें तो शुक्रवार को पेपर सभी संबंधित थानों में पहुंच चुके हैं।
हर सेंटर पर कलेक्टर प्रतिनिधि
माध्यमिक शिक्षा मंडल बोर्ड के सचिव डॉ. कृष्ण देव त्रिपाठी ने बताया कि प्रश्न पत्रों की गोपनीयता को लेकर पुख्ता इंतजाम हैं। प्रश्न पत्र थाने में सुरक्षित रखे जाते हैं। इसकी देखरेख के लिए कलेक्टर प्रतिनिधि नियुक्त किए गए हैं। वे ऐप से मॉनिटरिंग करेंगे। ऐप में कलेक्टर प्रतिनिधि की उपस्थिति का समय और हर एक मूवमेंट दर्ज होगा। यह डैशबोर्ड पर दिखेगा।
इससे पहले चार से पांच केंद्रों पर एक कलेक्टर प्रतिनिधि होता था। लेकिन, ऐसा पहली बार है कि हर सेंटर के लिए एक कलेक्टर प्रतिनिधि होगा।
जिओ टैग लोकेशन से डालनी होगी सेल्फी
डॉक्टर कृष्ण देव त्रिपाठी बताते हैं कि प्रश्न पत्रों को ले जाने वाले अधिकारियों पर कलेक्टर प्रतिनिधि नजर रखेंगे। उन्हें थाने की जिओ टैग लोकेशन के साथ सेल्फी और फोटो अपलोड करना होगी। यह प्रक्रिया सेंटर पर पहुंचकर दोबारा करनी पड़ेगी। जिससे सुनिश्चित होगा कि पेपर सुरक्षित और गोपनीय तरीके से पहुंचे हैं। इसे जिला, संभाग एवं मंडल स्तर पर देखा जा सकेगा।
कलेक्टर प्रतिनिधि यह भी सुनिश्चित करेगा कि सेंटर पर कोई भी मोबाइल नहीं रखे। इस बार केंद्र अध्यक्ष भी मोबाइल नहीं रख सकते, ताकि प्रश्नपत्रों की गोपनीयता सिक्योर रहे।
भ्रामक प्रचार से दूर रहें बच्चे
कृष्ण देव त्रिपाठी ने बताया कि बच्चे भ्रामक जानकारी में ना फंसे। कोई भी प्रश्न पत्र की गोपनीयता भंग नहीं कर सकता। लोगों के झूठे आश्वासन में नहीं आना चाहिए, और ना ही ऐसे किसी ग्रुप का मेंबर बनना चाहिए। हमने ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत की है। तीन की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।