रोजा इफ्तारी के बाद 100 लोग बीमार, उल्टी-दस्त की शिकायत; रात 3 बजे अस्पताल में भर्ती
मंदसौर। मंदसौर में रोजा इफ्तार पार्टी के बाद बुधवार देर रात करीब 100 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। रात 3 बजे 80 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद भी कुछ लोग तबीयत खराब होने पर अस्पताल पहुंचे। सभी ने उल्टी-दस्त की शिकायत की। अब सभी की हालत ठीक बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि इन्हें फूड पॉइजनिंग हुआ था।
गुदरी इलाके में बुधवार शाम मुस्लिम समुदाय ने रोजा इफ्तार पार्टी का आयोजन किया था। पार्टी में करीब 100-150 लोग शामिल हुए थे। पार्टी के बाद कई लोगों को उल्टी-दस्त और घबराहट होने लगी। जिला अस्पताल में उपचार के बाद अधिकांश लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया।
दूषित मावे से बनी मिठाई खाने से बिगड़ी तबीयत
बताया जा रहा है कि पार्टी में मिठाई परोसी गई थी। आशंका है कि दूषित मावे से बनी मिठाई खाने से लोगों को फूड पॉइजनिंग हुई। डॉ. डीके शर्मा सिविल सर्जन ने बताया कि मरीजों में 10 बच्चे भी हैं। हालत में सुधार होने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। पार्टी में शामिल हुए एक युवक ने बताया कि जमात खाने में इफ्तार रखा गया था। मावे से बने पकवान खाने से सभी की तबीयत बिगड़ी।
यासमीन बी ने बताया कि रोजा इफ्तार पार्टी में गए थे, वहां फ्रूट्स खाए थे। करीब 7:30 बजे एकता किया था। उसके बाद खाना खाया था। इसमें नॉनवेज और मिठाई शामिल थी। घर आने के बाद रात करीब 1 बजे उल्टियां शुरू हो गईं। मोहल्ले के करीब 100 लोगों को ऐसी शिकायत हो रही थी।