रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का MP में उत्साह: ओरछा में 5100 दीप जलाए, महाकाल को 6 टन हलवे का भोग

भोपाल। अयोध्या में सोमवार को भगवान रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा हो रही है। इसे लेकर देश से लेकर मध्यप्रदेश भी राममय है। मध्यप्रदेश में भी जश्न और उत्साह मनाया जा रहा है। उज्जैन के भगवान महाकाल मंदिर समेत सभी मंदिरों में विशेष साज सज्जा की गई है।
प्रदेश में दिनभर धार्मिक आयोजन होंगे। महाकाल मंदिर में भस्म आरती के दौरान फुलझड़ी जलाकर दिवाली जैसी पूजा की गई। ओरछा में श्रीराम राजा मंदिर में 5100 मिट्टी के दीपक जलाए गए। इंदौर में रामजी की विशाल रंगोली बनाई गई है। रतलाम, ग्वालियर, गुना समेत प्रदेश भर में सुंदरकांड, रामायण पाठ और भंडारे के आयोजन किए गए हैं।

पूर्व सीएम शिवराज बोले- ये राष्ट्र का मंदिर है पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ओरछा में कहा, ‘आज रामलला अवधपुरी के दिव्य और भव्य मंदिर में विराजित होंगे। प्रधानमंत्री के हाथों प्राण-प्रतिष्ठा होगी। वो मंदिर सिर्फ भगवान राम का मंदिर नहीं है, बल्कि राष्ट्र का है… आज मैं उन सभी बलिदानियों के चरणों में श्रद्धा के सुमन अर्पित करता हूं, 500 साल तक लगातार ये दिन देखने के लिए ये संघर्ष चला और इस संघर्ष में जिन्होंने अपने प्राणों का बलिदान दिया उनके चरणों में प्रणाम।’
रतलाम में ढोल-धमाकों के साथ राम का उद्घोष
सुबह से ढोल धमाकों के साथ रतलाम में जय-जय श्रीराम का उद्घोष हो रहा है। पटाखे फोड़े गए। प्रभात फेरी निकली गई। राम मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ है। मंदिर में रंगोलियां बनाई गई हैं।
ग्वालियर के फालका बाजार स्थित राम मंदिर सजाया गया है। यहां सुबह 7 बजे पंचनदा नदी के जल से भगवान राम का अभिषेक किया गया है। उसके बाद सुबह 8 बजे भगवान का श्रृंगार किया गया । 8.30 बजे आम भक्तों के लिए मंदिर के पट खोल दिए गए हैं। सुबह से ही राम मंदिर में राम भक्तों की भीड़ है और जय-जय श्रीराम के नारे सुनाई दे रहे हैं। यहां रात को महाआरती में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी शामिल होंगे।

महाकाल मंदिर में जमकर आतिशबाजी
प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा का उत्साह महाकाल मंदिर में भी दिखा। भस्म आरती में भगवान महाकाल का श्रृंगार श्रीराम के स्वरूप में किया गया। प्रभु श्रीराम जानकी और लक्ष्मण जी मूर्ति को महाकाल के गर्भ गृह में ले जाया गया। इस दौरान भक्तों ने जमकर आतिशबाजी की। साथ ही मंदिर समिति ने भगवान महाकाल और प्रभु राम के साथ भक्तों पर भी पुष्प वर्षा की।
उज्जैन में जहां 5 फीट 9 इंच तो गुना में 151 फीट लंबी अगरबत्ती बनाई गई है। इन अगरबत्तियों में गोबर, घी, चंदन, फूल, हवन सामग्री का उपयोग किया गया है। दोनों ही अगरबत्तियों को रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के साथ प्रज्वलित किया जाएगा।

इंदौर में बनाई विशाल रंगोली
इंदौर में 100 फीट बाय 140 फीट की रंगोली बनाई गई है। इसे बनाने में 3 टन रंगों का इस्तेमाल किया गया है। राजेन्द्र नगर के निजी कॉलेज के ग्राउंड में 15 इंदौर के कलाकारों ने इसे बनाया है। इसमें भगवान राम और राममंदिर की प्रतिकृति बनाई गई है। इसे विश्व कीर्तिमान बना चुकी शिखा शर्मा ने बनाया है। वहीं, बाणगंगा थाने पर पुलिस कर्मचारियों ने परिसर में बने में पुलिस वर्दी में हनुमानजी का श्रृंगार किया गया है।

