Sunday, July 27, 2025
MPUtility

कड़ाके की ठंड से ठिठुरा MP, 5 शहरों में तापमान 5° से नीचे, दतिया-ग्वालियर सबसे ठंडे; ट्रेनें 2 से 4 घंटे लेट

MP shivers due to severe cold, temperature in 5 cities below 5°, Datia-Gwalior coldest; Trains late by 2 to 4 hours, sagar, bhopal, Mp weather, MP mausam, kalluram news
कोहरे के कारण बीना तक कई ट्रेनें लेट पहुंचीं।

भोपाल। मध्यप्रदेश कड़ाके की ठंड पड़ रही है। रविवार सुबह भोपाल, सागर, मुरैना, दतिया, सतना, टीकमगढ़ में घना कोहरा रहा। शीतलहर ने लोगों को परेशान कर दिया। विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रह गई। ग्वालियर, भिंड, नर्मदापुरम, रायसेन, विदिशा और दूसरे शहरों में भी कोहरे-धुंध की वजह से विजिबिलिटी काफी कम रही। कोहरे के कारण कई ट्रेनें भी प्रभावित रहीं। ट्रेनें दो से चार घंटे तक देरी से आईं।

शनिवार रात मध्यप्रदेश के आधे से ज्यादा शहरों में न्यूनतम तापमान गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। 5 शहरों में यह 5 डिग्री से भी नीचे रहा। न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री के साथ दतिया की रात सबसे ठंडी रही। यहां शनिवार को दिन का पारा भी प्रदेश में सबसे कम 13.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री रहा। शनिवार दिन का तापमान ग्वालियर में 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा था।

भोपाल में शनिवार की रात सीजन की सबसे सर्द रही। न्यूनतम तापमान गिरकर 7.4 डिग्री पहुंच गया। इससे पहले 20 दिसंबर की रात यह 8.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। इंदौर में भी पहली बार इस सीजन में रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड हुआ।

MP shivers due to severe cold, temperature in 5 cities below 5°, Datia-Gwalior coldest; Trains late by 2 to 4 hours, sagar, bhopal, Mp weather, MP mausam, kalluram news
भोपाल में भी रविवार सुबह कोहरा रहा।

दो दिन कड़ाके की ठंड का अलर्ट

मौसम विभाग ने रविवार-सोमवार के लिए प्रदेश में कड़ाके की ठंड का अलर्ट जारी किया है। आज और कल उत्तरी हवाओं का असर ज्यादा रहेगा। इस कारण कोल्ड-वेव और कोल्ड-डे की स्थिति बनी रहेगी। कोहरा जरूर छंटने लगेगा।

जेट स्ट्रीम ने बढ़ाई ठंड

सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया, ‘पिछले 24 घंटे में जेट स्ट्रीम हवा 200 से 250 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही थी। वेस्टर्न डिस्टरबेंस भी एक्टिव है। इस वजह से उत्तरी हिस्से में पिछले दो दिन से कोल्ड-डे की स्थिति है। शनिवार को भी सर्द हवाओं का असर रहा। कुछ जगह हल्की बूंदाबांदी भी हुई।

कई ट्रेनें भी लेट

घने कोहरे के कारण शताब्दी एक्सप्रेस दो घंटे, कुशीनगर, साबरमती, भोपाल एक्सप्रेस 4 घंटे लेट रही। वहीं, गोरखपुर लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस दो घंटे से ज्यादा, मालवा एक्सप्रेस तीन घंटे और पठानकोट एक्सप्रेस चार घंटे देरी से आई।

जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस 5 घंटे री-शेड्यूल
हजरत निजामुद्दीन से चलकर जबलपुर जाने वाली गाड़ी संख्या 12191 हजरत निजामुद्दीन-जबलपुर एक्सप्रेस के 21 जनवरी को जबलपुर स्टेशन पर विलम्ब से पहुंचने के कारण जबलपुर स्टेशन से 17.45 बजे प्रस्थान कर गन्तव्य को जाने वाली गाड़ी संख्या 12192 जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस को 5 घंटे री-शेड्यूल किया गया है। यह गाड़ी जबलपुर स्टेशन से 22.45 बजे रवाना होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *