बदमाशों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर फायरिंग, हेड कॉन्स्टेबल की गोली लगने से मौत
सिवनी। सिवनी में बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से हेड कॉन्स्टेबल घायल हो गए। उन्हें नागपुर रेफर किया गया, जहां शुक्रवार सुबह मौत हो गई।
डूंडा सिवनी थाना पुलिस की टीम गुरुवार रात करीब 10 बजे बदमाशों की धरपकड़ के लिए छिंदवाड़ा बायपास क्षेत्र में गई थी। इसी दौरान एक बदमाश ने टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान हेड कॉन्स्टेबल राकेश ठाकुर को गोली लगी।
एसडीओपी पुरुषोत्तम मरावी ने बताया कि गोली हेड कॉन्स्टेबल के हार्ट की तरफ कमर के ऊपर लगी थी। उन्हें नागपुर में भर्ती कराया गया, जहां सुबह करीब 5 बजे दम तोड़ दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद दोपहर में उनका शव सिवनी लाया गया। यहां केवलारी के डोभ ग्राम में अंतिम संस्कार किया गया।
साथियों को छुड़ाने के लिए फायरिंग की
एसपी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि टीम चार आरोपियों को पकड़ने गई थी। टीम ने तीन आरोपी जनक सिंह, प्रवीण वैष्णव, गुलशन को पकड़ लिया था। चौथे आरोपी सद्दाम ने साथियों को बचाने के लिए गोली चला दी। आरोपी मौके से फरार हो गया। बाकी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं।
पुलिस में हो गए थे 17 साल
राकेश ठाकुर सिवनी के केवलारी के रहने वाले थे। उनकी दो बेटी और एक बेटा है। पिता वीरेंद्र ठाकुर और माता रामदेवी ठाकुर हैं। राकेश के पांच भाई राजा बाबू, राजेश, यशवंत, राकेश और तरुण हैं। उनकी शिक्षा केवलारी में पूर्ण हुई। कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी सिवनी में की। उन्हें पुलिस विभाग में लगभग 17 साल हो गए थे।