महिला ने साथियों के साथ की डंडे-सरिए से युवक की पीट-पीट कर हत्या की, बाइक भी तोड़ी
उज्जैन। उज्जैन में एक महिला ने साथियों के साथ डंडे और सरिए से युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी। आरोपियों ने बाइक भी तोड़ दी। आरोपियों ने पहले तो युवक पर हमला किया। युवक जमीन पर गिर पड़ा, तो बेदम होने तक पीटते रहे। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। वारदात बड़नगर में 3 दिसंबर की रात 9 बजे की है। इसका वीडियो सोमवार को सामने आया।
यहां खोब चौक में रंजिश को लेकर जुगार राठौर (28) को राजा उर्फ कालिया, प्रियांक डोरिया, मनोज श्रवण और 3-4 साथियों ने लाठी-सरिये से पीटा था। बाइक में भी तोड़फोड़ की थी। जुगार अपने दोस्त रामेश्वर माली के साथ खोब दरवाजा स्थित शराब दुकान पहुंचा था, तभी आरोपियों ने घेर लिया था।
हमले में रामेश्वर को भी चोट आई थी। गंभीर हालत में जुगार को उज्जैन जिला अस्पताल रेफर किया गया था। यहां पहुंचने से पहले ही मौत हो गई थी।
तीन आरोपी अरेस्ट, महिला समेत 3 फरार
बड़नगर थाना प्रभारी मनीष दुबे ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था। रामेश्वर माली ने केस दर्ज कराया था। जुगार सिंह और आरोपियों के बीच ठेला लगाने को लेकर रंजिश थी। घटना वाले दिन दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। इसके बाद आरोपियों ने हमला कर दिया। तीन आरोपी राकेश राज, इकबाल और प्रियांक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला समेत तीन आरोपी फरार हैं।