कांग्रेस MLA के बेटे को पुलिस ने किया गिरफ्तार, साली ने लगाया था प्रताड़ना का आरोप
छिंदवाड़ा। परासिया कांग्रेस विधायक सोहनलाल वाल्मीकि के बेटे आदित्य वाल्मीकि को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आदित्य पर उसकी पत्नी मोनिका को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। छिंदवाड़ा एसपी विनायक वर्मा ने इसकी पुष्टि की है।
इससे पहले, परासिया एसडीओपी जितेंद्र सिंह जाट ने बताया कि जांच के बाद आदित्य के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया था।
मोनिका की बहन रितिका ने जीजा पर प्रताड़ना का आरोप लगाया था। परिजन ने चांदामेटा थाने में शिकायत की थी।
14 नवंबर की सुबह 11 बजे मोनिका ने घर के कमरे में फांसी लगा ली थी। विधायक सोहन वाल्मीकि के तीनों बेटे संयुक्त रूप से परासिया में रहते हैं। बड़ा बेटा आदित्य क्षेत्रीय कर्मशाला चांदामेटा में पदस्थ है। आदित्य की शादी दो साल पहले इटारसी निवासी मोनिका से हुई थी।

बहन ने लगाया था जीजा पर आरोप
मोनिका की बहन रितिका ने बताया कि आदित्य उनकी बहन के साथ मारपीट करते थे। इसी को लेकर मोनिका ने फांसी लगाई है। रितिका ने कहा कि मोनिका पिछले कुछ दिनों से मायके इटारसी में थी। इस दौरान आदित्य ने उन्हें फोन करके बुलाया था कि पापा (सोहन वाल्मीकि) विधायक बन गए हैं, इसलिए तुम भी बधाई देने आ जाओ।
मेरी मां, मोनिका को छोड़ने परासिया गई थी। मोनिका को छोड़ने के बाद जब मां इटारसी पहुंची तो दीदी का फोन आया। कहा कि यह (आदित्य) मेरे साथ मारपीट कर रहे हैं। फोन के बाद जब मम्मी परासिया पहुंचीं, तो देखा मोनिका की मौत हो चुकी थी।
आदित्य से शादी करने से किया था इनकार
मोनिका के परिजन ने बताया, शादी से एक साल पहले आदित्य के परिवार ने शादी की बात चलाई थी। मोनिका के परिवार ने मना कर दिया था। क्योंकि तब आदित्य के पास नौकरी नहीं थी। इसके कुछ समय बाद आदित्य की डब्लयूसीएल में नौकरी लग गई, जिसके बाद मोनिका और आदित्य की शादी हुई।