ग्वालियर में ABVP का थाने के सामने रातभर प्रदर्शन, जज की कार छीन कर VC को अस्पताल ले गए थे
ग्वालियर। ग्वालियर में ABVP कार्यकर्ताओं ने रातभर पड़ाव थाने का घेराव कर नारेबाजी की। वे दो छात्रों पर डकैती का केस लगाने से नाराज हैं। छात्र पीके यूनिवर्सिटी शिवपुरी के वाइस चांसलर रणजीत सिंह यादव (59) को अस्पताल ले गए थे। इस पर पुलिस ने दोनों स्टूडेंट्स के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
VC को ट्रेन में हार्ट अटैक आया था। ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर सोमवार तड़के 4 बजे छात्रों ने हाईकोर्ट जज के ड्राइवर से कार छीनी। कार से VC को अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, VC को बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने नाकाबंदी की, तो कार JAH के पास मिल गई।
कार्यकर्ताओं ने रातभर किया प्रदर्शन और नारेबाजी
मामले में हिमांशु और सुक्रत पर केस किया गया है। जानकारी मिलते ही ABVP के छात्रों ने सोमार देर रात पड़ाव थाने का घेराव कर दिया। उनकी मांग थी कि छात्रों पर दर्ज डकैती का केस तत्काल वापस लिया जाए।
उन्होंने कहा कि छात्रों ने अपराध नहीं किया है। जो किया, वह एक जिंदगी बचाने के लिए किया है। उन्हें इनाम देने के बजाय डकैती का मामला दर्ज कर लिया है। यह अन्याय है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मुरैना में बिगड़ी तबीयत, ग्वालियर में भी एम्बुलेंस नहीं मिली
पुलिस के अनुसार प्रो. रणजीत सिंह यादव ट्रेन में दिल्ली से झांसी के लिए सवार हुए थे। मुरैना से तबीयत खराब होना शुरू हुई थी। उनके साथ आ रहे छात्रों ने मुरैना स्टेशन पर इलाज की सुविधा मांगी। मुरैना स्टेशन प्रबंधन ने उन्हें ग्वालियर उतरने के लिए कहा। बताया कि वहां पर स्टेशन के बाहर एम्बुलेंस तैनात मिलेगी।
ग्वालियर आने पर छात्र जब तक प्रो. यादव को ट्रेन से उतार पाते, इससे पहले ट्रेन चल दी। इस पर उन्होंने चेन पुलिंग कर दी। RPF कोच में पहुंची, तो पता चला किसी की तबीयत खराब है। लोग उन्हें जब स्टेशन के बाहर लेकर पहुंचे, तो वहां एम्बुलेंस नहीं थी, पर सामने हाईकोर्ट जज की कार खड़ी थी। लोगों ने ड्राइवर से उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए कहा।
ड्राइवर भी हाईकोर्ट जज को लेने पहुंचा था। जज भोपाल से लौटे थे। उसी समय उनकी ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर आई थी। लिहाजा, उसने मना कर दिया। इसे लेकर लोगों ने कार के आगे नारेबाजी की। चालक को धक्का देकर उससे रणजीत सिंह को अस्पताल लेकर पहुंचे। यह छात्र दिल्ली से ABVP के सम्मेलन में भाग लेकर लौट रहे थे।
बेटा अमेरिका से रवाना, पत्नी का हो चुका निधन
मृत VC के शव का सोमवार देर शाम पोस्टमॉर्टम किया गया। प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक से मौत होना सामने आया है। ग्वालियर आए रणजीत सिंह के ड्राइवर ने बताया कि वे हर शनिवार को दिल्ली अपने घर की देखभाल करने आते थे। शनिवार रात भी आए थे। रविवार रात झांसी के लिए रवाना हुए थे। बेटा अमेरिका में है। उसने सुबह पिता को कॉल किया था। फोन दूसरे व्यक्ति ने उठाया। कहा कि उनके पिता की तबीयत खराब है। बाद में बेटे को पिता की मौत की खबर मिली। उसने मुझे फोन कर यहां आने के लिए कहा। खुद भी भारत के लिए रवाना हुआ। रणजीत की पत्नी का देहांत हो चुका है।