जबलपुर समेत 5 जिलों में बारिश; सिवनी प्रदेश में सबसे ठंडा, दिन में भी रात जैसी सर्दी
भोपाल। तूफान ‘मिचौंग’ का असर मध्यप्रदेश में भी देखा जा रहा है। बुधवार सुबह भोपाल, रीवा, ग्वालियर और चंबल संभाग के साथ ही छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी जिलों में कोहरा रहा। सर्द हवाएं चलती रहीं। जबलपुर में दोपहर में हल्की बारिश हुई। सिवनी प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। यहां एक ही दिन में 7.2 डिग्री तापमान लुढ़कर 18 डिग्री रह गया। यहां दिन में भी रात जैसी ठिठुरन रही।
बादल छाने और बारिश के कारण दिन का तापमान सामान्य से औसत 5 डिग्री तक कम चल रहा है। सिवनी में मंगलवार-बुधवार की रात तापमान 17.4 डिग्री था। बालाघाट के मलाजखंड में 1.2 डिग्री की गिरावट के साथ तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जबलपुर-सिवनी समेत 5 जिलों में बारिश
बुधवार को सिवनी, जबलपुर समेत 5 शहरों में हल्की बारिश भी हुई। सिवनी में 9 मिमी पानी बरस गया। वहीं, मंडला में 5 मिमी बाारिश दर्ज की गई। जबलपुर, बालाघाट जिले के मलांजखंड, उमरिया और छिंदवाड़ा में भी हल्की बारिश हुई।
भोपाल में 23.9 डिग्री तापमान
भोपाल में 23.9 डिग्री, इंदौर में 21.1 डिग्री, ग्वालियर में 24.8 डिग्री, जबलपुर में 21.5 डिग्री और उज्जैन में 22 डिग्री दर्ज किया गया।
इसके अलावा, बैतूल में 23 डिग्री, धार में 21.4 डिग्री, गुना में 25 डिग्री, नर्मदापुरम में 25 डिग्री, खंडवा में 24.5 डिग्री, खरगोन में 27.2 डिग्री, पचमढ़ी में 25.6 डिग्री, रायसेन में 23.2 डिग्री, रतलाम में 23.2 डिग्री, शिवपुरी में 24 डिग्री, शाजापुर में 23.6 डिग्री दर्ज किया गया। छिंदवाड़ा में 21.4 डिग्री, दमोह में 25 डिग्री, खजुराहो में 25.4 डिग्री, मंडला में 20.3 डिग्री, नरसिंहपुर में 24 डिग्री, नौगांव में 25.6 डिग्री, रीवा में 23.6 डिग्री, सागर में 23.4 डिग्री, सतना में 25.4 डिग्री, सीधी में 25.4 डिग्री, टीकमगढ़ में 25 डिग्री, उमरिया में 21.5 डिग्री रहा।
इससे पहले, मंगलवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बादल छाए। जबलपुर में घना कोहरा रहा। तूफान की वजह से दिन में सर्दी भी बढ़ गई है। मंगलवार को इंदौर और धार प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। इंदौर में तो एक ही दिन में तापमान 6.3 डिग्री तक लुढ़क गया। यहां दिन का तापमान 20 डिग्री दर्ज किया गया।