Sunday, July 27, 2025
MP

MP की नई मुख्य सचिव वीरा राणा ने काम शुरू किया, बैंस की विदाई, बोले- यह सिर्फ पड़ाव, अंत नहीं: शिवराज ने कहा- बिना दबाव काम किए

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस रिटायर हो गए हैं। 6-6 महीने के 2 बार मिले एक्सटेंशन के बाद 30 नवंबर को बैंस का कार्यकाल पूरा हो गया। गुरुवार को कैबिनेट बैठक में उन्हें विदाई दी गई। पूर्व सीएस बैंस ने कहा- यह एक पड़ाव, कोई अंत नहीं। काम करते रहेंगे, सक्रियता बनी रहेगी।

इधर, नई मुख्य सचिव वीरा राणा ने गुरुवार को चार्ज संभालते ही कामकाज शुरू कर दिया।

सीएम बोले- बैंस ने अच्छा काम किया

बैंस के विदाई समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बोले- अपने लिए जिएं तो क्या जिएं, देश-समाज के लिए जीना ही जीना है, बैंस ने ये यही कर दिखाया है। उन्होंने अच्छा काम किया। जो भी काम उन्हें सौंपे गए, उन्होंने बिना तनाव और दबाव के पूरे किए। कोविड के दौरान भी बेहतर काम किया। सीएम राइज स्कूल, सिटीजन चार्टर और आनंद विभाग उनकी बेहतर उपलब्धियां रहीं।

शिवराज के चौथे कार्यकाल की आखिरी कैबिनेट
मुख्यमंत्री शिवराज के चौथे कार्यकाल की गुरुवार को आखिरी कैबिनेट बैठक थी। वल्लभ भवन में बुलाई गई बैठक में सभी मंत्रियों के साथ सीनियर अधिकारियों को भी बुलाया गया। कैबिनेट का एजेंडा नहीं था। इसे लेकर बुधवार को कांग्रेस ने आपत्ति भी जताई थी। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा था, बिना एजेंडा बैठक बुलाने का औचित्य नहीं है। यह BJP की मतगणना को प्रभावित करने की कोशिश है। अधिकारियों-कर्मचारियों पर दबाव डाला जा रहा है।’

2024 में रिटायर होंगी वीरा राणा

माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष वीरा राणा प्रदेश की दूसरी महिला CS हैं। उनकी नियुक्ति का आदेश बुधवार रात 8.30 बजे जारी हुआ, जबकि सुबह ही वे मुख्यमंत्री से मिली थीं। राणा मार्च 2024 में रिटायर होने वाली हैं। यह निर्णय इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि 3 दिसंबर को होने वाली मतगणना में शिवराज सरकार का भविष्य तय होगा। एमपी की पहली महिला सीएस निर्मला बुच थीं। उनका कार्यकाल सितंबर 1991 से जनवरी 1993 तक था।

नई सरकार में रहेंगी या नहीं, इस पर असमंजस
सरकार ने आदेश में वीरा राणा को मुख्य सचिव पद का प्रभार अतिरिक्त रूप से देने की बात लिखी है। साफ है कि नई सरकार में उनके रहने या नहीं रहने पर अभी से ही असमंजस की स्थिति है। नई सरकार चाहे तो उन्हें रख सकती है या नया मुख्य सचिव बनाकर प्रभार वाली व्यवस्था को खत्म भी कर सकती है।

सीएम शिवराज के पसंदीदा अफसर
2005 में जब शिवराज ने मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला, तब से बैंस उनके खास अधिकारियों में शुमार रहे। 2020 में सत्ता के तख्ता पलट के बाद शिवराज ने जब सरकार में वापसी की, तो उन्होंने शपथ के 24 घंटे के भीतर ही कांग्रेस सरकार के तत्कालीन मुख्य सचिव गोपाल रेड्डी को हटाकर बैंस को मुख्य सचिव बना दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *