Sunday, July 27, 2025
MP

गर्लफ्रेंड से बात करने के बाद युवक ने खाया जहर, मौत

छिंदवाड़ा। गर्लफ्रेंड से बात करने के बाद युवक ने जहर खा लिया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना शुक्रवार रात छिंदवाड़ा के चौरई की है। 

सुमित (20) पिता विनोद यादव चौरई के चंदनगांव का रहने वाला है। उसका चौरई की रहने वाले युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। तीन महीने पहले दोनों घर से भी भाग गए थे। करीब एक महीने तक दोनों भोपाल में रहे। इसके बाद वापस घर आ गए। सुमित के पिता ने दोनों को समझाया। बाद में दोनों की शादी के लिए भी राजी हो गए। इस दौरान दोनों मोबाइल पर बात करते रहे। 

शुक्रवार रात दोनों ने तकरीबन एक घंटे फोन पर बात की। इसी दौरान रात करीब 11 बजे सुमित ने जहर खा लिया। उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे चौरई अस्पताल ले गए। जहां प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान सुबह 11 बजे सुमित की मौत हो गई। 

बेटे की मौत के बाद परिवार में मातम है। पिता भी सदमे में हैं। इधर, पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है।

पुलिस ने नहीं लिखी शिकायत

पिता विनोद यादव के मुताबिक सुमित यादव अचानक घर से चला गया था। इस दौरान लड़की भी घर से गायब रही। पिता बेटे की गुमशुदगी की शिकायत करने थाने पहुंचा था। पुलिस ने शिकायत नहीं लिखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *