प्रियंका ने अहिरावण से की BJP की तुलना, देवास में कहा- आप हनुमान नहीं बनेंगे, तो छल को कौन ठीक करेगा
इंदौर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार को मध्यप्रदेश के दौरे पर रहीं। उन्होंने सांवेर (इंदौर) और देवास में चुनावी सभा को संबोधिता किया। उन्होंने रोड शो भी किया।
खातेगांव (देवास) में प्रियंका ने कहा, ‘दीपक जोशी से मैंने पूछा कि भाजपा क्यों छोड़ी? वे बोले दीदी, मेरे इलाके में भ्रष्टाचार हो रहा था। किसी ने मेरी सुनी नहीं। ऊब गया था।’ दीपक जोशी मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे हैं। इसी साल 6 मई को उन्होंने कांग्रेस जॉइन की थी।
इससे पहले, सांवेर में प्रियंका ने BJP की तुलना अहिरावण से की। कहा, ‘अहिरावण ने जिस तरह भगवान राम और लक्ष्मण जी से छल किया, उसी तरह आपके साथ भी बहरूपियों ने छल किया। आपकी चुनी हुई सरकार चोरी की और उसे ‘भ्रष्टाचार लोक’ में ले गए। आप हनुमान नहीं बनेंगे, तो यहां से जो छल शुरू हुआ, उसे कौन ठीक करेगा?’
प्रियंका ने जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट को भी घेरा। बोलीं, ‘जब कोरोना का कहर था, आपके यहां से स्वास्थ्य मंत्री सिलावट बेंगलुरु के रिसॉर्ट में सौदेबाजी कर रहे थे। वे सरकार में मिलावट कर रहे थे। एक ऐसा नेता जिसने पैसों के लिए जनमत को बिगाड़ दिया, अच्छा हुआ दूसरी पार्टी में चले गए।’
बता दें कि सिलावट 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। तीन दिन में प्रियंका का यह दूसरा दौरा है।

सांवेर/खातेगांव में प्रियंका ने क्या कहा-
प्रियंका ने कहा कि ये कहते हैं कि 70 साल में कुछ नहीं हुआ? फिर मोदी जी स्कूल कैसे गए? मुझे नहीं मालूम कि वे कॉलेज गए थे या नहीं? उनका ‘एनटायर पॉलिटिकल साइंस’ का सर्टिफिकेट जरूर कांग्रेस के दिए गए कम्प्यूटर पर छपा होगा। प्रधानमंत्री रहते हुए मेरे पिता जब कम्प्यूटर लाए, तब भाजपा ने विरोध किया था।
प्रियंका ने कहा कि संसद में महिलाओं के आरक्षण के लिए बिल पास किया गया। मोदी जी ने खूब इवेंटबाजी की, पब्लिसिटी हुई। मोदी जी जहां गए, वहां उनका माल्यार्पण हुआ। फिर पता चला कि 10 साल तक इसका फायदा नहीं मिलेगा, इसलिए मैं कहती हूं BJP की घोषणाओं को समझो।
प्रियंका ने कहा कि देश में AIIMS, IIT, बड़े अस्पताल नेहरू जी की सोच की वजह से हैं। जो नेहरू जी ने बनाया, जनता की मेहनत से बना और जहां से रोजगार मिलते थे, सभी अपने उद्योगपति मित्रों को दे दिए। BHEL के बारे में पूछिएगा मोदी जी से।
देश में सबसे शक्तिमान – सर्वोपरि कौन है? नरेंद्र मोदी, MP के CM हैं? नहीं…। लोकतंत्र में जनता सबसे शक्तिमान है। जो 5 साल में काम नहीं करे, उस नेता को खदेड़ दो। हमारे देश-प्रदेश में एक ऐसी राजनीति आ गई है, जो धर्म के नाम पर वोट मांगती है।
नेता के चुनाव में प्रभु श्रीराम के उसूलों को ढूंढे
जो उसूल और परंपराएं रामायण के समय से हमारे देश में चली आ रही हैं, महात्मा गांधी जी भी उन्हीं उसूलों पर चलते थे। श्री राम वनवास चले गए, लेकिन जनता श्री राम को ही राजा के रूप में देखना चाहती थी। इसलिए जब हम अपने नेता का चुनाव करें, तो उसमें हमेशा प्रभु श्री राम के उसूलों को ढूंढना चाहिए।
छत्तीसगढ़ में सबसे कम बेरोजगारी है। बगल में आपका मध्यप्रदेश। 18 साल से भाजपा सरकार है। पिछले तीन साल में कितने रोजगार दिए। सिर्फ 21 रोजगार दिए। खाली पद भरे ही नहीं गए। यहां 7 हजार से ज्यादा पाठशालाएं बंद हो गईं। घोटालों पर घोटाले हो रहे हैं।
जिन्होंने आपके लिए 18 साल से कोई काम नहीं किया, वो चुनाव से ठीक पहले आपके लिए काम क्यों कर रहे हैं? चुनाव से दो महीने पहले बताया आप ‘लाड़ली’ हैं। आपको ऐसी सरकार चाहिए, जो सचमुच आपके लिए काम करे।
कमलनाथ बोले- सबका हिसाब लेंगे
सांवेर की चुनावी सभा में मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा, ‘गुंडागर्दी करने वाले समझ जाएं, कल के बाद परसों भी आता है। सबका हिसाब लिया जाएगा। कमलनाथ 2018 के नहीं 2023 के मॉडल हैं। 7 दिन बाद पुलिस, पैसा और प्रशासन कहां जाएगा, ये कमलनाथ देखेंगे।’ उन्होंने कहा, ‘ये पूछते हैं कि 70 साल में कांग्रेस ने क्या किया? मोदी और शिवराज जी, आप जिन स्कूलों – कॉलेजों में गए, वो कांग्रेस ने बनाए।’