Thursday, June 5, 2025
MPPolitics

5 साल में CM शिवराज की संपत्ति 5 लाख घटी, पत्नी साधना की 89 लाख बढ़ी; विजयवर्गीय की संपत्ति भी 10 साल में 7 गुना बढ़ गई

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव ने आखिरी दिन यानी सोमवार को नॉमिनेशन फॉर्म जमा कर दिया। इस दौरान निर्वाचन आयोग को अपनी संपत्ति का ब्योरा सौंपा है। इसके मुताबिक सीएम शिवराज सिंह चौहान की संपत्ति 5 साल में 5 लाख रुपए कम हो गई। उनकी पत्नी साधना सिंह की संपत्ति 89 लाख रुपए बढ़ गई है। दोनों की कुल संपत्ति में 84 लाख बढ़ी है। वहीं, कैलाश विजयवर्गीय की संपत्ति 10 साल में 7 गुना बढ़ गई। विजयवर्गीय ने अपनी और पत्नी के पास 14 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी बताई है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधनी विधानसभा सीट के लिए नामांकन भरा है। वहीं, इंदौर-1 विधानसभा सीट से कैलाश विजयवर्गीय ने भी नामांकन के आखिरी दिन दोपहर 2.51 बजे के मुहूर्त में पर्चा दाखिल किया। जब वे रिटर्निंग अफसर के हॉल में पहुंचे, तब फॉर्म भरने के लिए 9 मिनट बचे थे।

2018 में शिवराज-साधना की संपत्ति 7.78 करोड़, अब 8.62 करोड़
साल 2018 में सीएम शिवराज ने संपत्ति का जो ब्योरा दिया था, उसके मुताबिक उनकी और पत्नी की कुल संपत्ति 7.78 करोड़ रुपए थी। 2023 के चुनाव के दौरान पेश किए गए शपथ पत्र में दोनों की संपत्ति 8.62 करोड़ रुपए बताई है।

इस अंतराल में सीएम शिवराज की पत्नी साधना सिंह की संपत्ति बढ़ी है, जबकि शिवराज की घटी है। सीएम शिवराज की संपत्ति 2018 मे 3.26 करोड़ थी, 2023 के शपथ पत्र में दिए ब्योरे में 3.21 करोड़ बताई गई है।

साधना सिंह की संपत्ति बढ़ी 

CM Shivraj's assets decreased by 5 lakhs in 5 years, wife Sadhna's increased by 89 lakhs; Vijayvargiya's wealth also increased 7 times in 10 years, kailash vijayvergiya, shivraj singh chouhan, MP election 2023, election 2023, kalluram news, Nomination form submit
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने नॉमिनेशन फॉर्म भरा।

साधना सिंह के पास पहले 4.52 करोड़ की चल-अचल संपत्ति थी, जो 89 लाख रुपए बढ़कर 5.41 करोड़ रुपए हो गई है। इस बीच, सामने आया है कि पिछले चुनाव के समय शिवराज ने बेटे कुणाल की पढ़ाई के लिए 27 लाख का एजुकेशन लोन लिया था, जो इस बार के विवरण में शामिल नहीं है।

पैतृक संपत्ति में हिस्सेदारी के बाद भी कुल संपत्ति घटी

पिछले चुनाव में सीएम शिवराज ने पैतृक संपत्ति का उल्लेख नहीं किया था। तब शिवराज नाम पर कुल संपत्ति 3.26 करोड़ बताई गई थी। इस बार उन्होंने ने 4 एकड़ से अधिक की पिता की संपत्ति में 6वें हिस्से का अपने पक्ष में उल्लेख किया है, लेकिन उनकी कुल संपत्ति का ब्यौरा 3.21 करोड़ ही है।

शिवराज-साधना की बैंकों में जमा राशि 1 करोड़ 32 लाख बढ़ी

ब्योरे में शिवराज के बैंक खाते में जमा कुल राशि 92.79 लाख बताई गई है, जबकि साधना सिंह के बैंक खाते में 71.87 लाख रुपए जमा हैं। पांच साल पहले दी गई जानकारी में शिवराज के खाते में 20.26 लाख और साधना सिंह के खाते में 11.20 लाख रुपए बताए गए थे।

शिवराज के पास 2018 में और 2023 में खुद के नाम पर कोई वाहन नहीं है, जबकि पत्नी साधना सिंह के पास 2018 में बताई गई एंबेसडर कार की जानकारी इस बार भी ब्योरे में दी गई है।

कैलाश विजयवर्गीय की संपत्ति की भी जान लीजिए

कैलाश विजयवर्गीय ने नामांकन फॉर्म के साथ जमा किए शपथ पत्र में अपनी और पत्नी के पास मिलाकर 14 करोड़ रुपए की कुल प्रॉपर्टी बताई है। 2013 से उनकी संपत्ति सात गुना बढ़ गई है।

पत्नी के नाम से 10 करोड़ रु. का प्लॉट
विजयवर्गीय ने पत्नी आशा के नाम से 10 करोड़ रु. का प्लॉट बताया है। यह पांच साल पहले 1.33 करोड़ रु. में खरीदा गया था। इस हिसाब से प्लॉट का रेट 6 हजार रु. वर्गफीट है। विजयवर्गीय के पास 48 साल पुराना एक प्लॉट है। उक्त 1500 वर्ग फीट का प्लॉट उन्होंने 5 हजार रु. में खरीदा था, जिस पर निर्माण किया गया था।

इसके अलावा, नंदा नगर में ही 2 हजार वर्ग फीट का पुश्तैनी भवन भी है, जिसकी कीमत 2.33 करोड़ रु. है। इसमें से आधी प्रॉपर्टी कैलाश विजयवर्गीय की है। इस हिसाब से उनकी प्रॉपर्टी पत्नी की तुलना में 25% ही है। विजयवर्गीय ने खुद की आय का जरिया पेंशन, ब्याज और किराया बताया है। इसी तरह पत्नी की आय का जरिया वेतन, ब्याज व व्यवसाय बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *