छिंदवाड़ा में भाजपा प्रत्याशी की नामांकन रैली में शामिल हुए नरोत्तम मिश्रा, कहा- मुख्यमंत्री देख लिया, विकास नहीं देख पाए
छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार विवेक बंटी साहू ने सोमवार को नामांकन दाखिल किया। वे रैली के रूप में निर्वाचन कार्यालय पहुंचे। रैली में गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा भी शामिल हुए। उन्होंने दावा किया कि छिंदवाड़ा की सभी सीटों पर भाजपा परचम फहराएगी। वहीं, प्रदेश में 150 सीटें भाजपा जीतेगी।
मिश्रा ने कहा कि भाजपा ने लाड़ली बहना योजना प्रारंभ की है। वहीं, आयुष्मान कार्ड से 5 लाख तक का इलाज मुफ्त हो रहा है। किसानों को भी केंद्र और प्रदेश सरकार 10 हजार रुपए महीना दे रही है। जिले में मेडिकल कालेज, यूनिवर्सिटी, हाॅर्टिकल्चर कॉलेज भाजपा की देन है।
कांग्रेस पर साधा निशाना
नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस की 15 महीने की सरकार में ट्रांसफर उद्योग फले-फूले हैं। उन्होंने बेरोजगारों को रोजगार देने की बात की। किसानों का कर्जा माफ करने की बात कही। सिर्फ वचन पत्र तक सीमित रह गया। कांग्रेस ने युवाओं को ठगने का काम किया है। कांग्रेस हर क्षेत्र में फेल साबित हुई है।
मुख्यमंत्री देख लिया, लेकिन विकास नहीं देखा
डॉ. नराेत्तम ने कहा कि छिंदवाड़ा के लोगों ने मुख्यमंत्री देख लिया, लेकिन विकास नहीं देख पाए। कांग्रेस में परिवार वाद हावी रहता है। महंगाई पर नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि आलू-प्याज आज महंगा है, तो कल सस्ते होंगे, लेकिन कांग्रेस अगर जीतती है, छिंदवाड़ा में रोहंगियाओं की बस्ती होगी। कमलनाथ थके हुए नेता हैं। उनका भविष्य नहीं है।

श्याम टॉकीज से निकाली रैली
उन्होंने विवेक बंटी साहू के पक्ष में मतदान की अपील की। इसके पहले श्याम टॉकीज से रैली निकाली गई। रैली छोटे तालाब होते हुए छोटी बाजार पहुंची। जहां भाजपा के उम्मीदवार विवेक बंटी साहू ने बड़ी माता मंदिर और राम मंदिर में पूजन अर्चन किया। इसके बाद रैली मेन रोड, गोलगंज से फव्वारा चौक हुए सभा स्थल मानसरोवर काॅम्प्लेक्स के सामने पहुंची।
ये लोग हुए शामिल
कार्यक्रम में गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सुशील मोदी, उम्मीदवार विवेक बंटी साहू, शेषराव यादव, राजेश दारा जुनेजा, योगेश राणा, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रियवर सिंह, अंकुर शुक्ला, रोहित पोफली, संदीप सिंह चौहान सहित अन्य शामिल थे।
समर्थकों के साथ सुनील ने भरा नामांकन
इधर, जुन्नारदेव से कांग्रेस के उम्मीदवार सुनील उइके की नामांकन रैली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गोविंद राय समेत अन्य नजर आए। इस दौरान सुनील उइके ने उनके समक्ष चुनाव अधिकारी के समक्ष पर्चा भरा। विधायक सुनील ने कहा- जनता कमलनाथ को मुख्यमंत्री बनते हुए देखा चाहती है। जिले की सातों सीटों पर कांग्रेस फिर परचम फहराएगी। कमलनाथ ने 43 साल जिले की जनता को दिए हैं। जनता ने भी उन्हें भरपूर प्यार दिया है। यही प्यार इस बार भी मिलेगा।