रतलाम में रेलवे कर्मचारी पर तेंदुए ने किया हमला, दो दिन से मूवमेंट
रतलाम। रतलाम में तेंदुए ने रेलवे कर्मचारी पर हमला कर दिया। यहां पिछले दो दिन से तेंदुए का मूवमेंट है। सोमवार सुबह रेलवे कॉलोनी के बाद शिमला कॉलोनी और इंडस्ट्रियल एरिया में तेंदुआ देखा गया। वन विभाग की टीम इन इलाकों में सर्च कर रही है। ड्रोन के जरिए तेंदुए की लोकेशन पता की जा रही है। ट्रैंकुलाइज एक्सपर्ट टीम भी उज्जैन और इंदौर से रतलाम पहुंच चुकी है।
इससे पहले, रविवार रात में भी टीम ने रेलवे कॉलोनी और आसपास के एरिया में तेंदुए की सर्चिंग की। इस बीच, तेंदुए ने एक कुत्ते का शिकार किया। रेलवे कर्मचारी पर भी हमला कर दिया। माना जा रहा है कि तेंदुआ सैलाना-बजाना क्षेत्र से लगे जंगलों से भटक कर शहर में आ गया है।
वन विभाग ने अलर्ट जारी कियसा है। साथ ही, छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखने, घरों के अंदर ही रहने को कहा गया है। रोड नं. 8, 10 और 12 के रहवासियों से रात में घरों से बाहर न निकलने की अपील की गई है।
रेलवे कर्मचारी पर कर दिया हमला
रविवार शाम तेंदुआ रेलवे कॉलोनी और रिटायर्ड कॉलोनी में देखा गया था। वह कभी लोगों के घरों में, तो कभी मैदान में उछल-कूद कर रहा था। इसी दौरान, तेंदुए ने रेलवे कॉलोनी में सतीश मीणा पर हमला कर दिया। वे बदहवास हो गए। उसे अस्पताल ले जाया गया। यहां सतीश ने बताया कि वे तेंदुए को देखने की कोशिश कर रहे थे, तभी वह अचानक सामने आ गया और झपट्टा मार दिया। कमर पर पंजे के निशान लगे।
करीब एक साल पहले भी जेएमडी मैरिज गार्डन के पास तेंदुए का मूवमेंट देखा गया था। कुछ महीने पहले सैलाना के नजदीक भी वन विभाग की टीम ने तेंदुए को रेस्क्यू कर देवास के फॉरेस्ट में छोड़ा था।
डीएफओ डीएस निगवाल ने बताया कि आमतौर पर शहरी क्षेत्र में घुसने की वजह से तेंदुआ घबराया रहता है। वह हमला भी कर सकता है। हालांकि, लोगों को डरने की जरूरत नहीं है। एकांत मिलने पर वह जंगल के क्षेत्र में वापस जा सकता है।