तालाब में नहाने गए चार बच्चे डूबे, मौत; दो परिवारों के इकलौते चिराग बुझे
सिवनी। तालाब में डूबने से चार बच्चों की मौत हो गई। बच्चे तालाब में नहाने के लिए उतरे थे। घटना के वक्त परिजन काम पर गए थे। नहाने के दौरान चारों गहरे पानी में चले गए। घटना रविवार की है।
तलाशी की दौरान धोबी सर्रा से दरासीकला की बीच बने तालाब के पास बच्चों के कपड़े मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। तालाब में डूबने की आशंका जताई। सर्चिँग के बाद रात करीब 8 बजे बच्चों के शव तालाब में निकाले। मृतकों में ऋषभ (5) पिता प्यारे लाल विश्वकर्मा, आरव (6) पिता यशवंत तुमराम, ऋतिक (10) पिता सुनील चक्रवर्ती, आयुष (8) पिता सोनू बाम्हने शामिल हैं।
सुनील चक्रवर्ती ने बताया कि ऋतिक और आयुष बाम्हने इकलौती संतान थे। ऋषभ विश्वकर्मा दो भाई थे। आरव भी दो भाई-बहन थे।
रात में ही किया गया पोस्टमॉर्टम, सुबह अंतिम संस्कार
सूचना पर कुरई तहसीलदार इमरान मंसूरी, एसडीएम रेखा देशमुख, पटवारी अनिल धुर्वे सहित अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पहुंचे। चारों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल लाए। कुरई थाना प्रभारी मदन लाल मरावी ने बताया कि पुलिस भी घटनाक्रम की जांच कर रही है। परिजन रात करीब 1 बजे बच्चों के शव लेकर गांव चले गए। सोमवार को चारों का अंतिम संस्कार किया गया।
खेत से मुरम निकालने पर बना तालाब
सुनील चक्रवर्ती ने बताया कि घटनास्थल पर किसान का खेत है। उसने यहां तालाब बनाया था। कुछ दिनों पहले किसान ने मुरम निकालकर गहरीकरण किया था। करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में बारिश का पानी भर गया था। नहाते समय गहराई में जाने के कारण बच्चे डूब गए। आशंका है कि बच्चे एक-दूसरे का हाथ पकड़े थे, इसलिए वह सभी गहराई में चले गए।