Saturday, September 13, 2025
MPNationPolitics

सिंधिया के गढ़ में कांग्रेस का चुनावी आगाज, प्रियंका गांधी बोलीं- प्रदेश सरकार ने भ्रष्टाचार में भगवान को भी नहीं छोड़ा

Congress’s election debut in Scindia’s bastion, priyanka gandhi said – the state government did not leave even God in corruption, priyanka gandhi, congress news
ग्वालियर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ में चुनावी अभियान का आगाज किया। उन्होंने ग्वालियर में जन आक्रोश महारैली निकाली। मेला ग्राउंड पर उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। संबोधन की शुरुआत प्रियंका ने बृज भाषा में की। उन्होंने जनता के लिए उन्होंने 6 गारंटी भी दीं। उन्होंने उज्जैन के महाकाल लोक का जिक्र करते हुए कहा कि यहां की सरकार ने भ्रष्टाचार में भगवान को भी नहीं छोड़ा।

उन्होंने कहा- सब भैया-बहनन आपको हमारी राम-राम। मणिपुर में भयावह अत्याचार हो रहा है। हमारे प्रधानमंत्री ने 77 दिन के लिए इस पर बयान ही नहीं दिया। कल भयावह वीडियो के बाद मजबूरी में एक वाक्या बोला- उसमें भी राजनीति घोल दी। उसमें उन प्रदेशों का नाम लिया जिनमें विपक्ष की सरकार है।

देश की परंपरा रही है कि हम नेताओं में सरलता, सभ्यता और सच्चाई ढूंढते हैं। हम चाहते हैं हमारे नेता में ऐसे गुण हों। आरोप-प्रत्यारोप, एक-दूसरे की बुराई के बीच जनता के असली मुद्दे डूब जाते हैं। आजकल अहंकार की राजनीति चलती है। यूपी में मुझसे कहा- बड़ी गाड़ी में बैठो। आजकल भौकाल की राजनीति है।

Congress's election debut in Scindia's bastion, priyanka gandhi said - the state government did not leave even God in corruption, priyanka gandhi, congress news
प्रियंका गांधी ने पहले रानी लक्ष्मीबाई की समाधि पर माथा टेका।

प्रधानमंत्री ने विपक्षी दलों का अपमान किया

बिहार में विपक्षी दलों की बैठक के बाद पीएम ने एक बयान में कहा- जितने भी विपक्ष की पार्टियां हैं, सबको चोर बोल डाला। इतनी बड़ी पार्टियां और उनके नेता जनता के मुद्दे उठाकर आगे बढ़े उनका अपमान प्रधानमंत्री जी ने किया।

मैं पीएम, शिवराज और सिंधिया के बारे में 10-10 मिनट बोली सकती हूं। सिंधिया के बारे में भी 10 मिनट बोल सकती हूं कि किस तरह राजनीति की दिशा बदल दी, लेकिन मैं ध्यान भटकाने नहीं आई हूं। महंगाई है। मैं टमाटर की बात नहीं कर रही हूं। वो तो 100 रुपए का है ही। आपको घर की मरम्मत कराना, बच्चों की फीस देना, छाता खरीदना महंगा हो गया है।

आपके जीवन पर बोझ बन गई है ये महंगाई। ये आपके जीवन का मामला है। सिर्फ टमाटर का मामला नहीं। सबसे बड़ा बोझ महिलाओं पर है। आज रसोई के लिए सिलेंडर तो मिला लेकिन गैस नहीं भरी जा रही है। कोई बीमार हो जाए तो घबराहट होती है, दवाएं कहां से खरीदकर लाऊं, क्योंकि महंगाई इतनी है।

MP के लिए 6 गारंटी 

1- पुरानी पेंशन लागू करेंगे 2- महिलाओं के खाते में हर महीने 1500 रुपए 3- गैस सिलेंडर 500 रुपए में मिलेगा 4- 100 यूनिट बिजली फ्री मिलेगी। 200 यूनिट पर बिल आधा किया जाएगा 5- किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा 6- दिव्यांगों की पेंशन बढ़ाई जाएगी

ऐसी सरकार बनाएं, जो न खरीदी जा सके, न गिराई जा सके

प्रियंका ने कहा कि हमारी जहां-जहां सरकारें हैं, वहां जो गारंटी दी वो निभाई जा रही हैं। राजस्थान, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश में पुरानी पेंशन स्कीम लागू है। जब आप नौकरी के लिए जाते हैं तो सरकार कहती है, पेंशन नहीं मिलेगी। लेकिन कांग्रेस सरकार वाले राज्यों में है। छग में 2600 रुपए आपको धान के लिए मिलते हैं। कर्नाटक में कहा था- बस में महिलाएं फ्री यात्रा करेंगी। वहां ये लागू है। मप्र में भी बदलाव की लहर है। एक ऐसी मजबूत सरकार बनाइए जो न खरीदी जा सके, न गिराई जा सके। जो आपके भविष्य को मजबूत बनाएं। कमलनाथ से कहा- आपकी सरकार बनेगी तो आप दिव्यांगों की पेंशन बढ़ाना। अभी दिव्यांगों ने बताया कि उनकी पेंशन 600 रुपए है।

Congress's election debut in Scindia's bastion, priyanka gandhi said - the state government did not leave even God in corruption, priyanka gandhi, congress news
प्रियंका गांधी की सभा में हजारों लोग मौजूद रहे।

आपने 22 हजार घोषणाएं की, क्या इसमें से 2000 भी पूरी कीं

मुझे लगता है कि जनता के मुद्दों पर बात करनी चाहिए। आज अपने देश में ऐसी सरकार क्यों है, जिसने पूरे देश की संपत्ति एक-दो बड़े लोगों को बेच दी। पहले आपको रोजगार मिलता था। आज परिस्थितियां ये हैं आप जानते हैं सेना की भर्ती का क्या किया? जब से अग्निवीर की स्कीम आई, तब से ग्वालियर-चंबल की क्या स्थिति है। यहां से नौजवान सीमा पर तैनात होते रहे हैं। हरियाणा में कई युवा ट्रेनिंग से लौटते मिले। बोले- चार साल के लिए इतनी कड़ी ट्रेनिंग क्यों करें। लौटकर खेती ही करना है।

भ्रष्टाचार में भगवान को भी नहीं छोड़ा

प्रियंका ने पटवारी घोटाले पर कहा- मां-बाप रुपए खर्च करके ट्यूशन कराते हैं। आज देखिए पटवारी भर्ती घोटाले में क्या हो गया। शर्म की बात है पिछले तीन साल में मात्र तीन सरकारी नौकरियां दी गई हैं। 18 साल से इनकी सरकार है। चुनाव से पहले ये कहने का क्या फायदा कि युवाओं और महिलाओं को क्या देंगे। इतने सालों में तो दिया नहीं। ये सच्चाई है।

जिस तरह घोटाले पर घोटाले हो रहे हैं, इतनी लंबी लिस्ट है इसकी। मैं लिस्ट बाद में बताऊंगी। इन्होंने कुछ नहीं छोड़ा। महाकाल में भगवान की मूर्ति तक नहीं छोड़ी। ये पैसों से खरीदी हुई सरकार है।

समाज में तनाव बढ़ता है, तो अत्याचार होते हैं। अत्याचार उन्हीं पर होते हैं जो कमजोर है। आज आदिवासियों पर हो रहे अत्याचारों को देख लीजिए। आपको समझाना जरूरी है, लेकिन मैं जानती हूं कि सबसे ज्यादा विवेक जनता में होता है। वो गलत निर्णय नहीं लेती। अब समय आ गया है कि आप अपने लिए अपने भविष्य के लिए बड़ा निर्णय करने वाले हैं। वो ये कि आप अगले पांच सालों में क्या यही चाहते हैं जो अभी तक हुआ है।

प्रियंका ने सभा के आखिरी में भी ब्रज भाषा में बात की। कहा- मामा की भ्रष्ट सरकार बदलवे वाले है न। एक बार हमारे संगे जोर से बोलो- भाजपा जाएवे बारी है, कांग्रेस आएवे बारी है।

कमलनाथ बोले- शिवराज झूठ और घोटाले की मशीन  

पीसीसी चीफ और पूर्व सीएम कमलनाथ ने सभा में कहा- ग्वालियर चंबल के लोग अन्याय नहीं सहते। अन्याय पर पलटवार करते हैं। आज प्रदेश का हर वर्ग आक्रोशित है। मैं महाराजा नहीं हूं। शिवराज सिंह कहते हैं, मैं मामा हूं। मैं मामा नहीं हूं। शिवराज कहते हैं मैं किसान का बेटा हूं, मैं किसान नहीं साधारण परिवार का बेटा हूं।

भाजपा सरकार ने मप्र की राजधानी को झूठ की राजधानी बनाया है। किसानों, माताओं-बहनों, नर्मदा और आदिवासियों को झूठ बोला। दलितों को झूठ बोला। गोमाता को भी झूठ बोला। शिवराज ने 18 साल में झूठ का पहाड़ खड़ा कर दिया। शिवराज झूठ और घोटाले की मशीन है। घोषणाओं की मशीन है। चुनाव में 4 महीने बचे हैं। ये मशीन दोगुनी गति से चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *