जबलपुर में हेडमास्टर ने किए हवाई फायर, पुलिस से बोला- पूर्व मंत्री का अजय विश्नोई का छोटा भाई हूं
जबलपुर। भाजपा नेता ने नशे में धुत होकर दो साथियों के साथ जबलपुर-नागपुर हाईवे पर हवाई फायर किए। पुलिस ने हिरासत में लेकर धनवंतरी चौकी लेकर आई। यहां भाजपा नेता बोला कि मैं पूर्व मंत्री अजय विश्नोई का छोटा भाई मुकेश दुबे है। चाहे तो उन्हें फोन कर लो।
अजय विश्नोई पाटन से BJP विधायक हैं। वे प्रदेश सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। मुकेश दुबे BJP के सक्रिय कार्यकर्ता और उनके करीबी हैं। वह सरकारी स्कूल के हेडमास्टर भी हैं। उनके खिलाफ CM हेल्पलाइन में स्कूल न आने की शिकायत भी हो चुकी है। मुकेश दुबे ने रविवार रात फायरिंग की थी। वीडियो मंगलवार को सामने आया।
स्कॉर्पियो और पिस्टल जब्त
रविवार रात मुकेश दुबे दो साथियों के साथ हाईवे पर खड़े होकर लाइसेंसी रिवॉल्वर से हवाई फायरिंग कर रहे थे। पुलिस ने सत्यम चक्रवर्ती और एक चौबे नाम के व्यक्ति को भी अरेस्ट किया है। BJP नेता की स्कॉर्पियो और पिस्टल भी जब्त की है। आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया गया है।
स्कूल नहीं जाने की शिकायत भी हो चुकी
पूर्व मंत्री अजय विश्नोई को बड़ा भाई बताने वाले मुकेश दुबे भाजपा नेता के साथ सरकारी टीचर भी है। वह पाटन विधानसभा अंतर्गत आने वाले शासकीय माध्यमिक स्कूल भीटा में हेडमास्टर है। 2002 से इस स्कूल में पदस्थ है। एक ग्रामीण ने बताया कि वह कभी-कभार स्कूल आता है। CM हेल्पलाइन में भी इसकी शिकायत की।बाद में शिकायत बंद करवा दी गई।
विधायक बोले- कानून सभी के लिए
मामले में पूर्व मंत्री अजय विश्नोई का कहना है कि मुकेश दुबे भाजपा कार्यकर्ता हैं। वह हमारा करीबी है। निश्चित रूप से नाम लिया होगा। पुलिस ने उन्हें पकड़ा, तो मैंने किसी से नहीं कहा कि छोड़ दिया जाए। हमारी टीम का मेंबर है, पर अगर गलती की है, तो सजा मिलेगी। कानून सभी के लिए है।
बीईओ बोले- हर स्कूल की जानकारी नहीं रख सकता
बीईओ एपी शुक्ला का कहना है कि मुकेश दुबे नियमित स्कूल आते हैं या नहीं, इसकी जानकारी नहीं है। मेरे अंडर में 223 स्कूल हैं। सभी स्कूलों की जानकारी रखना संभव नहीं। संकुल प्राचार्य जो बिल बनाकर मुझे भेजते हैं, उसके हिसाब से मैं सैलरी जारी कर देता हूं।