कांग्रेस MLA का वीडियो, बोले- भाजपा से 45 करोड़ का ऑफर मिला, मंत्री बनाने को कहा, BJP बोली- टिकट कटने का डर है
उज्जैन। उज्जैन के बड़नगर में कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल का वीडियो सामने आया है। वीडियो में विधायक कह रहे हैं- ‘मुझे भारतीय जनता पार्टी ने 40 से 45 करोड़ रुपए का ऑफर दिया था। कहा था कि राज्यमंत्री का पद भी देंगे। नोटों से एक कमरा भरा जाएगा, आ जाओ, लेकिन मैंने इस ऑफर को ठुकरा दिया।’
भाजपा का कहना है कि मोरवाल को विधानसभा चुनाव में टिकट कटने का डर है, इसलिए खुद को ईमानदारी का सर्टिफिकेट दे रहे हैं।
वीडियो 30 जून का बताया जा रहा है। वे कांग्रेस की मंडल और सेक्टर कमेटी की बैठक में शामिल हुए थे। विधायक 2020 में कांग्रेस की सरकार गिरने की वजह बता रहे थे।
विधायक बोले- लालची लोगों ने सरकार गिरा दी
कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल ने कहा कि ‘कांग्रेस पार्टी ने बड़नगर को बहुत कुछ दिया है। डेढ़ साल पहले हमारी सरकार रही, लेकिन कुछ लालची लोगों ने उसे गिरा दिया। दोस्तो, मैं आपको बताता हूं कि 40 से 45 करोड़ का मुझे भी ऑफर दिया गया था। कहा गया था कि आपको राज्यमंत्री बना देंगे। मैंने कहा कि मुझे नहीं चाहिए। मुझसे कहा गया कि कमरा नोटों से भर दिया जाएगा।
मैंने ऑफर को ठुकरा दिया। मैंने उनसे कहा कि दो कमरे भी भरा गए, तब भी मैं नहीं आऊंगा। मुझसे कहा गया कि 5 करोड़ देंगे, बात करने आ जाओ। मेरे जैसा व्यक्ति अगर भाजपा जॉइन करेगा तो यहां के कार्यकर्ताओं पर क्या बीतेगी। यहां की जनता पर क्या बीतेगी। मैंने इस ऑफर ठुकरा दिया, मैं नहीं गया।’
भाजपा ने कहा- बिना तर्क के झूठ बोल रहे विधायक
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राजपाल सिसोदिया ने कहा कि विधायक मोरवाल कांग्रेस पार्टी से दोबारा टिकट पाने के लिए कुछ भी आरोप लगा रहे हैं। खुद को ईमानदारी का प्रमाण पत्र देने और बिना तर्क के झूठ बोल रहे हैं। खुद का बेटा दुष्कर्म मामले फंसा था। अब टिकट कटने के डर से ऐसी बात का वीडियो वायरल करवा रहे हैं। अगर किसी ने उन्हें 45 करोड़ का ऑफर दिया था, तो तथ्य पेश करें। टिकट पाने के लिए खुद को ईमानदारी का सर्टिफिकेट दे रहे हैं।
पहले महेश परमार भी लगा चुके हैं आरोप
बड़नगर विधानसभा से विधायक मुरली मोरवाल से पहले तराना विधानसभा से विधायक महेश परमार भी भाजपा पर करोड़ों रुपए का ऑफर देने का आरोप लगा चुके हैं।
विधायक के बेटे पर दर्ज हुआ रेप केस
विधायक मुरली मोरवाल के बेटे करण मोरवाल पर 2021 में रेप केस दर्ज किया गया था। 28 साल की पीड़ित युवा कांग्रेस की पदाधिकारी है। पार्टी ने विधायक के बेटे को 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए लंबे समय तक फरार रहा था। 6 महीने फरार रहने के बाद पुलिस ने उसे मक्सी (उज्जैन) से गिरफ्तार किया था।