Sunday, July 27, 2025
CG

रेप के बाद महिला का मर्डर, एक ने मुंह दबाकर रखा, दूसरे ने कुल्हाड़ी मारी

बिलासपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के करौंधा थाना क्षेत्र में महिला की हत्या में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने महिला से रेप के बाद उसकी हत्या कर दी थी। महिला की लाश संदिग्ध हालत में उसके कमरे में मिली थी।

करौंधा थाना क्षेत्र में ग्राम पंचायत जवाहरनगर के चर्रापारा की रहने वाली 45 वर्षीय महिला का विवाह ग्राम पंचायत लरिमा के सीधा टोली में हुआ था। कुछ साल पहले पति का निधन हो गया था। इसके बाद वह मायके चर्रापारा में रह रही थी। करीब एक साल पहले उसकी इकलौती बेटी सनियारो की शादी हो गई।

वह मुर्गी और बकरी पालन कर करती थी। गांववालों ने उसे बीते शनिवार दोपहर तक देखा था। मंगलवार को महिला के घर से बकरियों का शोर सुनाई दिया, तब उसके चाचा सिरसाय समेत अन्य लोग वहां पहुंचे।

सभी लोग अंदर गए, तो वहां बेलासी का शव सड़ी-गली हालत में पड़ा था। मौके पर खून के निशान भी मिले। पास ही झोले में एक मरा हुआ मुर्गा भी पड़ा था। लोगों ने पुलिस को की सूचना दी। मौके पर कुसमी SDOP रितेश चौधरी, थाना प्रभारी करौंधा देवेंद्र सिंह टेकाम पहुंचे। डॉक्टर ने रेप के बाद हत्या की पुष्टि की।

दो आरोपियों ने कबूल किया जुर्म

पुलिस ने 1 जुलाई को महिला के घर आने-जाने वालों के बारे में जानकारी ली। गांव के ही द्वारिका प्रसाद उर्फ शिशु उरांव (19 वर्ष) और मंगलसाय उरांव (33 वर्ष) का नाम सामने आया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। उनसे से पूछताछ की गई, तो उन्होंने जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपियों ने बताया कि 1 जुलाई की दोपहर वे महिला के घर शराब पीने गए थे। तीनों ने एक साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद द्वारिका प्रसाद ने महिला के साथ रेप किया। दूसरे युवक मंगलसाय ने भी उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। महिला ने विरोध किया, लेकिन दो लोगों के होने के कारण वो बेबस पड़ गई। उसने ये बात गांव वालों को बता देने की धमकी दी, जिस पर दोनों आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी।

घर में रखी कुल्हाड़ी से द्वारिका ने महिला के सिर पर वार कर दिया। वहीं, मंगलसाय ने शोर मचाने के डर से उसका मुंह दबाकर रखा था। पुलिस ने दोनों आरोपियाें को बुधवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *