Sunday, July 27, 2025
MP

घर पोतने के लिए मिट्‌टी लेने गई थीं, खदान धंसने से दो महिलाओं की मौत 

भोपाल। भोपाल में मिट्‌टी धंसने से दो महिलाओं की मौत हो गई। वहीं, चार महिलाओं को बचा लिया गया। सभी महिलाएं घर पोतने के लिए तालाब किनारे खुदाई कर रही थीं, तभी पीली मिट्‌टी का ढेर ऊपर आ गिरा। घटना सूखी सेवनियां इलाके के बालमपुर गांव में शनिवार सुबह की है।

SP देहात किरण केरकता का कहना है कि पुलिस और SDERF की टीम ने चार महिलाओं को रेस्क्यू कर लिया। एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी ने अस्पताल जाते समय दम तोड़ दिया। मृतक महिलाएं फिरोजा बी (35) पत्नी अफजल और पिंकी आदिवासी (16) पुत्री गुड्‌डू आदिवासी हैं। दोनों ही बालमपुर की रहने वाली हैं।
भोपाल कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि भोपाल-रायसेन के बॉर्डर से लगे गांव बालमपुर में 4 महिलाएं तालाब से मिट्टी खोद रही थीं। अचानक मिट्टी धंसने से मलबे में दब गई। इसमें दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो को निकाला गया। मृतकों के परिवार को 4 लाख की सहायता दी जाएगी।

गड्‌ढे में उतरकर गीली मिट्‌टी निकाल रही थीं महिलाएं

बताया जा रहा है कि महिलाएं 7 से 8 फीट तक गहरा गड्‌ढा खोद चुकी थीं। इसके बाद दो महिलाएं गड्‌ढे में उतरकर गीली मिट्‌टी खोदने लगीं। वे गीली मिट्‌टी खोद-खोदकर ऊपर खड़ी महिलाओं को देती जा रही थीं। गड्‌ढा खोखला हो चुका था और भरभराकर इसकी मिट्‌टी ढह गई। ऊपर खड़ी महिलाएं भी नीचे आ गिरीं और ऊपर से मिट्‌टी का मलबा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *